×

आईएफएल 2025-26: रेलिगेशन से बचने के लिए संघर्ष, वापसी की उम्मीद में नामधारी और चानमारी

 

लुधियाना, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। रेलिगेशन से बचने के लिए संघर्ष कर रही नामधारी एफसी, शुक्रवार को इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2025-26 सीजन के एक अहम मुकाबले में चानमारी एफसी की मेजबानी करेगी। यह मुकाबला श्री भैनी साहिब के नामधारी स्टेडियम में खेला जाएगा।

दोनों टीमें रेलिगेशन जोन से ऊपर उठने की कोशिश कर रही हैं, ऐसे में यह मुकाबला काफी अहम हो जाता है क्योंकि लीग अब निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है। चानमारी अभी प्वाइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर है, उसने 8 मुकाबलों में 8 प्वाइंट्स हासिल किए हैं। यह 9वें स्थान पर मौजूद नामधारी से सिर्फ एक प्वाइंट ज्यादा है, जिसने उतने ही मैच खेले हैं।

इस सीजन में अब तक चानमारी ने दो जीत दर्ज की हैं, जबकि नामधारी को सिर्फ एक जीत मिली है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि मुकाबला बराबरी का है। हालांकि, हालिया प्रदर्शन मेजबान टीम के पक्ष में थोड़ा ज्यादा झुका हुआ है। नामधारी ने अपने पिछले पांच मुकाबलों में से तीन में प्वाइंट्स हासिल किए हैं, जिसमें एक जीत और दो ड्रॉ शामिल हैं। वहीं, चानमारी का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है, उसे पिछले पांच मुकाबलों में से सिर्फ एक में ही सकारात्मक नतीजा मिला है, जबकि बाकी चार मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है।

दोनों टीमों की रक्षापंक्ति में कमजोरियां स्पष्ट तौर पर नजर आई हैं, अब तक दोनों ने 14-14 गोल खाए हैं। आक्रमण के मामले में, नामधारी को थोड़ा फायदा है। प्वाइंट्स टेबल में नीचे होने के बावजूद उसने 11 गोल किए हैं, जो उसके प्रतिद्वंद्वी से एक ज्यादा है।

दोनों टीमें इस मुकाबले में हार के बाद उतरेंगी और जोरदार वापसी करना चाहेंगी। चानमारी को पिछले मैच में डायमंड हार्बर एफसी के खिलाफ 1-3 से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि नामधारी को शिलांग लाजोंग ने 0-2 से हराया था।

फिलहाल दोनों टीमें रेलीगेशन की जंग में फंसी हुई हैं, लेकिन शुक्रवार को जीत उनकी स्थिति बदल सकती है। अगर चानमारी जीत दर्ज करता है, तो उसके 11 अंक हो जाएंगे और वह संभावित रूप से टॉप-6 में पहुंच सकता है। इससे वह डेम्पो एससी और आइजोल एफसी से आगे निकल सकता है, जिनके फिलहाल 9 अंक हैं।

अगर ये दोनों टीमें राजस्थान एफसी और शिलांग लाजोंग के खिलाफ अपने-अपने अंतिम मैचों में प्वाइंट्स गंवा देती हैं, तो चानमारी चैंपियनशिप चरण में अपनी जगह पक्की कर सकती है। नामधारी के पास भी टॉप छह में जगह बनाने का एक रास्ता है। एक जीत पंजाब की इस टीम को 10 अंकों तक पहुंचा देगी, जिससे वे दूसरी टीमों के नतीजों के आधार पर अपने से ऊपर की टीमों को पीछे छोड़ते हुए चैंपियनशिप चरण में जगह बनाने की दौड़ में शामिल हो सकते हैं।

सिर्फ शीर्ष 6 टीमें ही चैंपियनशिप चरण में पहुंचेंगी, जबकि निचली चार टीमों को रेलीगेशन की लड़ाई में उतरना होगा। ऐसे में इस समय हर अंक बेहद अहम हो गया है। शुक्रवार का मुकाबला दोनों टीमों के भविष्य को तय करने में निर्णायक साबित हो सकता है, क्योंकि दोनों ही टीमें स्टैंडिंग में ऊपर चढ़ने और खतरे से बचने की कोशिश कर रही हैं।

--आईएएनएस

आरएसजी