☰
×

ICC Future Calendar: 2035 तक क्रिकेट का शेड्यूल जारी, भारत को चैंपियंस ट्रॉफी और वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी


 

 

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने 2035 तक होने वाले पुरुष क्रिकेट के बड़े टूर्नामेंटों का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस कैलेंडर के तहत भारत को 2029 चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी मिली है, जबकि 2031 वनडे वर्ल्ड कप भारत और बांग्लादेश में संयुक्त रूप से आयोजित होगा। इसके अलावा ICC ने लॉस एंजिलिस ओलिंपिक 2028 के क्रिकेट क्वालिफायर का कार्यक्रम भी घोषित कर दिया है।

ओलिंपिक क्वालिफायर का शेड्यूल जारी

लॉस एंजिलिस ओलिंपिक 2028 में क्रिकेट की जगह पक्की करने के लिए पुरुषों का क्वालिफायर 5 से 13 फरवरी 2028 तक बांग्लादेश में आयोजित होगा। वहीं, महिला टीमों के क्वालिफाइंग मुकाबले 26 फरवरी से 5 मार्च तक अमेरिका में खेले जाएंगे।

इन टूर्नामेंटों के जरिए ओलिंपिक में हिस्सा लेने वाली आखिरी टीमों का फैसला होगा।

WTC फाइनल की मेजबानी करेगा इंग्लैंड

ICC ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के 2029 और 2031 फाइनल की मेजबानी इंग्लैंड को सौंपी है।

• 2029 फाइनल: 8 से 12 जून

• 2031 फाइनल: 12 से 16 जून

वहीं, 2033 और 2035 के फाइनल की तारीखें तय कर दी गई हैं, लेकिन मेजबान देशों का ऐलान अभी नहीं हुआ है। WTC में दो साल के चक्र के दौरान टीमें अलग-अलग देशों के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलती हैं। पॉइंट्स टेबल की शीर्ष दो टीमें फाइनल में पहुंचती हैं।

2030 का टी-20 वर्ल्ड कप तीन देशों में

ICC के नए कैलेंडर के मुताबिक, 2030 टी-20 वर्ल्ड कप की मेजबानी इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड मिलकर करेंगे। यह टूर्नामेंट 4 जुलाई से 4 अगस्त तक खेला जाएगा।

इसके अलावा 2032 का टी-20 वर्ल्ड कप 14 अक्टूबर से 14 नवंबर और 2034 का टूर्नामेंट 6 जुलाई से 6 अगस्त तक आयोजित होगा। 2033 में चैंपियंस ट्रॉफी और 2035 में वनडे वर्ल्ड कप भी प्रस्तावित है।

128 साल बाद ओलिंपिक में लौटेगा क्रिकेट

क्रिकेट की ओलिंपिक में करीब 128 साल बाद वापसी होने जा रही है। इससे पहले यह खेल 1900 के पेरिस ओलिंपिक में शामिल था। उस समय ग्रेट ब्रिटेन और फ्रांस के बीच केवल एक मुकाबला खेला गया था।

लॉस एंजिलिस ओलिंपिक 2028 में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में टी-20 क्रिकेट खेला जाएगा। प्रत्येक वर्ग में 8 टीमें हिस्सा लेंगी। टीमों को चार-चार के दो ग्रुप में बांटा जाएगा और हर टीम अपने ग्रुप की बाकी तीन टीमों से मुकाबला करेगी।

इस तरह ग्रुप चरण में कुल 12 मैच होंगे। दोनों ग्रुप की शीर्ष टीमें फाइनल में पहुंचेंगी और खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।