×

'हम साथ में खेलते हैं तो गेंदबाज कन्फ्यूज हो जाते हैं', शेफर्ड के साथ बल्लेबाजी करने पर बोले जितेश

 

बेंगलुरु, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के फिनिशर जितेश शर्मा और रोमारियो शेफर्ड ने अपनी ऑन-फील्ड केमिस्ट्री के बारे में बात की है। जितेश ने बताया कि कैसे उनकी और शेफर्ड की अलग-अलग बल्लेबाजी शैली उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में गेंदबाजों के लिए एक मुश्किल जोड़ी बनाती है। आरसीबी की अगली भिड़ंत रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स से एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में होनी है।

जितेश ने कहा कि उनकी और शेफर्ड की ताकतें अलग-अलग हैं, जिसके कारण विपक्षी टीम को फील्डिंग सेट करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। आरसीबी द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर शेयर किए गए वीडियो में जितेश ने कहा, "मुझे लगता है कि जब हम साथ खेलते हैं, तो गेंदबाज कन्फ्यूज हो जाते हैं। मैं सभी एंगल्स का इस्तेमाल कर सकता हूं, तो वह गेंद को पूरी ताकत से मार सकते हैं। इस कारण गेंदबाज को फील्डिंग सेट करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।"

वहीं, शेफर्ड ने जितेश के साथ बैटिंग करने से मिलने वाले आत्मविश्वास पर जोर दिया। उन्होंने पिच के बीच में एक सकारात्मक माहौल बनाने का श्रेय जितेश को दिया। उन्होंने कहा, "जब भी मैं उनके साथ बल्लेबाजी करता हूं, तो मुझे आत्मविश्वास महसूस होता है क्योंकि वह हमेशा मुझे यह महसूस कराते हैं कि मैं सबसे अच्छा बल्लेबाज हूं। इसके साथ ही वह मुझे यह महसूस कराते हैं कि मैं हर गेंद पर छक्का मार सकता हूं। जितेश मुझे पिच पर खुलकर शॉट्स खेलने का आत्मविश्वास देते हैं।"

शेफर्ड ने जितेश के शांत स्वभाव और हर तरह की स्थिति में ढल जाने की काबिलियत की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि इससे उन्हें दूसरे छोर पर शांत रहने में मदद मिलती है। "जब भी आप जितेश जैसे किसी खिलाड़ी के साथ बल्लेबाजी कर रहे होते हैं, तो जितेश आखिर में जो सबसे अच्छा काम करते हैं वह है अपना संयम बनाए रखना, शांत रहना। आपको पता है कि उनके पास हर तरह के शॉट्स हैं। इसी कारण से उनके लिए अपने किसी अनोखे शॉट का इस्तेमाल करना आसान होता है, जैसे कि स्कूप या वैसा ही कोई और शॉट। टी20 क्रिकेट में आपको बस यही चाहिए होता है। बस गेंद को विपक्षी टीम के गेम प्लान से बाहर कर देना। आपको पता है कि जितेश यह काम बहुत अच्छे से करते हैं। मुझे उनके साथ बल्लेबाजी करने में बहुत मजा आता है।"

आईपीएल 2025 में आरसीबी की जीत में जितेश और शेफर्ड ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई थी। जितेश ने 15 मैचों में 261 रन बनाए थे, जबकि शेफर्ड ने सिर्फ 8 मुकाबलों में 151 रन बनाए थे। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शेफर्ड ने महज 14 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी