☰
×

गुजरात में 'ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर' के तीसरे दिन 328 मैच खेले जाएंगे

 

अहमदाबाद, 21 नवंबर (आईएएनएस)। वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जारी ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर 2026-27 का शनिवार को तीसरा दिन है। इस प्रतियोगिता में देशभर से आए पुलिसकर्मी बैडमिंटन और टेबल टेनिस मुकाबलों में हिस्सा ले रहे हैं। तीसरे दिन कुल 328 मैच खेले जाने हैं।

गुजरात पुलिस द्वारा 19 से 24 नवंबर तक आयोजित इस छह दिवसीय टूर्नामेंट में 24 राज्यों, चार केंद्र शासित प्रदेशों और 10 केंद्रीय पुलिस संगठनों की 38 टीमों के 1,150 से अधिक पुलिसकर्मी भाग ले रहे हैं। यह आयोजन पुलिसकर्मियों के बीच खेल भावना को बढ़ावा देने और उनकी खेल प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, 21 नवंबर के शेड्यूल में विभिन्न व्यक्तिगत श्रेणियों के तहत 90 बैडमिंटन मैच और 238 टेबल टेनिस मैच शामिल हैं।

टूर्नामेंट के दूसरे दिन, शुक्रवार को कई कड़े मुकाबले देखने को मिले, जिसमें अलग-अलग राज्यों और केंद्रीय बलों के खिलाड़ियों ने जीत दर्ज की।

बैडमिंटन की 'एनजीओ पुरुष डबल्स ओपन' श्रेणी में, मध्य प्रदेश के अभिषेक पृथ्वीराज चव्हाण और पुरीघल्ला श्री चरण दास ने ऋषभ सिंह और शेख जाकिर को 15-7 और 15-2 से हराया।

टेबल टेनिस में, 'एनजीओ 40+ महिला डबल्स' श्रेणी में तेलंगाना की अकुला स्वप्ना और करंगुला पद्मिनी ने मिजोरम की सी. लालरेमरुआती और लालबियाकनी को 3-0 से हराया। वहीं, 'गो-एनजीओ पुरुष टीम' प्रतियोगिता में पंजाब ने तमिलनाडु को 3-1 से मात दी।

'एनजीओ 18+ ओपन पुरुष डबल्स' श्रेणी में, उत्तर प्रदेश के अरशद खान और अरविंद चौधरी ने आंध्र प्रदेश के डी. वासु और एस. वी. रमन के खिलाफ 3-0 से जीत दर्ज की।

'एनजीओ 50+ पुरुष डबल्स' श्रेणी में, छत्तीसगढ़ के सदन मोहन गर्ग और आईपीएस उमेश चौधरी को विजेता घोषित किया गया, क्योंकि उनके प्रतिद्वंद्वियों ने वॉकओवर दे दिया था। आज के बैडमिंटन शेड्यूल में 35+, 40+, 50+ और 55+ कैटेगरी में मेंस सिंगल्स, 35+, 45+ और 50+ कैटेगरी में विमेंस सिंगल्स और 35+ तथा 55+ कैटेगरी में मेंस डबल्स मुकाबले शामिल हैं।

टेबल टेनिस के मुकाबलों में 18+ कैटेगरी में ओपन पुरुष और महिला एकल, 40+ और 50+ कैटेगरी में एनजीओ पुरुष एकल और एनजीओ महिला एकल के साथ-साथ कई पुरुष युगल, महिला युगल और मिश्रित युगल इवेंट शामिल हैं।

टूर्नामेंट का उद्घाटन 19 नवंबर को गुजरात के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ज्ञानेंद्र सिंह मलिक ने किया। इसमें 890 पुरुष और 272 महिलाएं हिस्सा ले रही हैं, जिनमें 463 राजपत्रित अधिकारी और 699 अराजपत्रित कर्मी शामिल हैं।

गुजरात के अलावा, इसमें महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, केरल, नागालैंड, मेघालय, मणिपुर, झारखंड, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, उत्तराखंड और ओडिशा की टीमें भी हिस्सा ले रही हैं।

इसके अलावा, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, असम राइफल्स, एनएसजी, एनडीआरएफ और इंटेलिजेंस ब्यूरो जैसे केंद्रीय बलों और संगठनों के प्रतिनिधि भी इसमें शामिल हैं। यह चैंपियनशिप 24 नवंबर को संपन्न होगी।

--आईएएनएस

आरएसजी