गोल्फ: शेफलर ने तीन-शॉट की बढ़त बनाई; टॉप-50 में जगह बनाने की कोशिश में चार भारतीय मूल के खिलाड़ी
मेम्फिस (यूएसए), 15 अगस्त (आईएएनएस)। इंडो-कनाडाई गोल्फर सुदर्शन येल्लामाराजू ने फेडएक्स सेंट जूड चैंपियनशिप के दूसरे दौर के बाद टॉप-10 में जगह बना ली है, जिससे उनके फेडएक्स कप प्लेऑफ अभियान को आगे बढ़ाने की उम्मीदें और मजबूत हुई हैं। वहीं, एरॉन राय और अक्षय भाटिया आरामदायक स्थिति में बने हुए हैं, जबकि साहित थीगला फेडएक्स कप रैंकिंग में अहम 'टॉप-50' के करीब संघर्ष कर रहे हैं।
लीडरबोर्ड में सबसे ऊपर, वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी स्कॉटी शेफलर ने सीजन का बेहतरीन राउंड खेलते हुए नौ-अंडर 61 का स्कोर किया और 11-अंडर 129 के स्कोर के साथ तीन-शॉट की बढ़त हासिल की।
येल्लामाराजू ने हफ्ते की शुरुआत फेडएक्स स्टैंडिंग में 57वें स्थान से की थी, उन्होंने टीपीसी साउथविंड में 70 और 65 के राउंड के बाद कुल सात-अंडर 135 का स्कोर किया। वह लीडरबोर्ड पर नौवें स्थान पर हैं और अनुमान है कि वह फेडएक्स स्टैंडिंग में 49वें स्थान पर पहुंच जाएंगे, जिससे वह सेंट लुइस में अगले हफ्ते होने वाली बीएमडब्ल्यू चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने की स्थिति में आ जाएंगे।
टॉप-50 का कट-ऑफ और भी अहम हो जाता है, क्योंकि शुरुआती प्लेऑफ इवेंट के बाद जो खिलाड़ी इस दायरे में बने रहते हैं, वहीं बीएमडब्ल्यू चैंपियनशिप में आगे बढ़ते हैं। वे अगले सीजन के सभी 20 मिलियन डॉलर वाले सिग्नेचर इवेंट्स के लिए भी पात्रता हासिल करते हैं।
एरन राय और भी मजबूत स्थिति में हैं। 72 के स्कोर से शुरुआत करने के बाद, उन्होंने छह-अंडर 66 का स्कोर किया और संयुक्त रूप से 27वें स्थान पर पहुंच गए। राय फेडएक्सकप स्टैंडिंग में टॉप-50 में सुरक्षित रूप से बने हुए हैं और उनका बीएमडब्ल्यू चैंपियनशिप में खेलना तय है।
थीगाला, इन चारों में से सबसे ज्यादा दबाव में हैं। उन्होंने हफ्ते की शुरुआत टॉप-50 में रहते हुए की थी और 69 व 72 के राउंड के बाद संयुक्त रूप से 45वें स्थान पर हैं। वह अभी फेडएक्सकप स्टैंडिंग में 48वें स्थान पर हैं और उन्हें क्वालीफाइंग जोन से बाहर होने से बचने के लिए वीकेंड पर अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
भाटिया ने भी लगातार 72 का स्कोर किया है और वह संयुक्त रूप से 45वें स्थान पर हैं। लीडरबोर्ड पर ऊपर न चढ़ पाने के बावजूद, फेडएक्सकप में उनकी पोजीशन उन्हें टॉप-50 में सुरक्षित रखती है, और उम्मीद है कि वह लगभग 15वें स्थान पर बीएमडब्ल्यू चैंपियनशिप के लिए आगे बढ़ेंगे।
शेफलर ने अपना दूसरा राउंड ओवरनाइट लीडर सुंगजे इम से छह शॉट पीछे शुरू किया, लेकिन जल्द ही इस अंतर को खत्म कर दिया। उन्होंने अपने पहले सात होल्स में छह बर्डीज बनाईं, जिनमें लगातार पांच बर्डीज शामिल थीं।
आखिरकार, 100 डिग्री फारेनहाइट तापमान में खेलते हुए उन्होंने 11 बर्डीज और दो बोगीज के साथ राउंड पूरा किया, जो टीपीसी साउथविंड कोर्स रिकॉर्ड के बराबर है।
8वें होल पर एक बोगी ने शेफलर की बढ़त में थोड़ी रुकावट डाली, लेकिन 10वें होल पर बर्डी बनाकर उन्होंने वापसी की। 12वें होल (जो पार-4 है) पर एक और शॉट गंवाना पड़ा, क्योंकि उनका ड्राइव पानी में चला गया था, लेकिन उन्होंने तुरंत 13वें होल पर बर्डी बनाकर जवाब दिया और फिर 15वें, 16वें और 17वें होल पर लगातार तीन बर्डीज के साथ शानदार अंदाज में अपना राउंड खत्म किया। शेफलर का दिन ग्रीन्स पर भी शानदार रहा; उन्होंने 13 वन-पट्स किए।
29 वर्षीय अमेरिकी खिलाड़ी इस सीजन में अपनी दूसरी जीत और तीसरा फेडएक्सकप प्लेऑफ्स खिताब हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। वह फेडएक्सकप स्टैंडिंग में मैट फिट्जपैट्रिक पर 794 अंकों की बढ़त के साथ टूर्नामेंट में उतरे थे; फिट्जपैट्रिक दूसरे राउंड में 67 के स्कोर के बाद तीन-अंडर पर हैं।
विक्टर होवलैंड और इम आठ-अंडर के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। होवलैंड ने 64 का स्कोर किया, जबकि इम ने अपने शुरुआती 66 के बाद एक और 66 का स्कोर किया। लुडविग एबर्ग 65 के स्कोर के बाद सात-अंडर के साथ चौथे स्थान पर हैं, जबकि जॉर्डन स्पीथ 69 के स्कोर के बाद छह-अंडर के साथ संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर हैं।
येल्लामाराजू के 49वें और थीगाला के 48वें स्थान पर रहने के अनुमान के साथ, मेम्फिस में आखिरी 36 होल्स के दौरान टॉप-50 में जगह बनाने की लड़ाई मुख्य आकर्षणों में से एक बनी रहेगी।
--आईएएनएस
आरएसजी