☰
×

डोमेस्टिक क्रिकेट से मुझे फायदा हुआ, श्रीलंका के खिलाफ शतक लगाने के बाद बोले सलमान आगा

 

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान में वनडे फॉर्मेट की त्रिकोणीय सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज में पाकिस्तान के अलावा दो अन्य टीमें, श्रीलंका और इंग्लैंड हैं। रविवार को सीरीज का पहला मुकाबला रावलपिंडी में पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला गया। पाकिस्तान ने 37 रन से इस मैच को जीता। सलमान अली आगा पाकिस्तान की जीत के हीरो रहे। उन्हें उनकी शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

सलमान अली आगा पिछले कुछ समय से फॉर्म में नहीं थे, लेकिन श्रीलंका के खिलाफ शतक लगाने के साथ ही उन्होंने अपना फॉर्म हासिल कर लिया। आगा ने अपनी फॉर्म का श्रेय घरेलू क्रिकेट को दिया।

मैच के बाद आगा ने कहा, "मैंने वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में संघर्ष किया था। पिछले 4 साल के दौरान, वो मेरा सबसे बुरा समय था। एक क्रिकेटर के तौर पर ऐसे समय आ सकते हैं। मेरे पास घरेलू क्रिकेट खेलने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। मैं यही सोच रहा था कि वापस जाकर डोमेस्टिक गेम खेलूंगा और चीजों को ठीक करने की कोशिश करूंगा। मैंने वही किया और मुझे लगता है कि इसका फायदा हुआ।"

सलमान अली आगा ने घरेलू क्रिकेट में तिहरा शतक लगाकर फॉर्म में वापसी की थी।

मैच की बात करें तो सलमान अली आगा पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 90 गेंदों पर 10 चौकों और 1 छक्के की मदद से 107 रन की पारी खेली और टीम को 49.5 ओवर में 305 के स्कोर तक पहुंचाया।

श्रीलंका की टीम 48.1 ओवर में 268 रन पर सिमट गई और 37 रन से मैच हार गई। श्रीलंका ने अपने आखिरी 5 विकेट 15 रन के अंदर गंवाकर जीत का आसान मौका हाथ से जाने दिया। श्रीलंका के लिए पवन रथनायके ने 79 और जनिथ लियांगे ने 60 रन की पारी खेली।

--आईएएनएस

पीएके