फ्रेंडली मैच में कोलंबिया ने कोस्ट रिका को 3-1 से हराया, लुइस डियाज बने जीत के नायक
बोगोटा, 2 जून (आईएएनएस)। कोलंबिया ने मंगलवार को एल कैंपिन स्टेडियम में एक इंटरनेशनल फ्रेंडली मैच में कोस्टा रिका को 3-1 से हराकर फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी तैयारियों को पुख्ता किया। लुइस डियाज टीम की इस जीत के नायक रहे।
बायर्न म्यूनिख के विंगर लुइस डियाज मुकाबले के स्टार रहे, उन्होंने एक गोल और एक असिस्ट भी किया, जिससे कोलंबिया ने 11 जून से शुरू होने वाले टूर्नामेंट से पहले अपने घरेलू फैंस के सामने शानदार प्रदर्शन किया। डिफेंडर डेविंसन सांचेज ने कोलंबिया को शुरुआती बढ़त दिलाई जब उन्होंने डियाज के कॉर्नर किक पर सबसे ऊपर उठकर हेडर से गोल किया। सिन्हुआ के मुताबिक, मेजबान टीम ने मैच पर कंट्रोल बनाए रखा और इसके तुरंत बाद डियाज द्वारा किए गए गोल की बदौलत अपनी बढ़त को 2-0 कर दिया।
कोस्टा रिका ने सकारात्मक जवाब दिया और 33वें मिनट में मैच का अपना पहला गोल दागा। हाफ टाइम से ठीक पहले जोसिमर अल्कोसर ने शानदार पास देकर मौका बनाया, जिस पर एंड्री सोटो ने हेडर के जरिए गोल कर दिया। इस गोल से मेहमान टीम की मैच में वापसी की उम्मीदें बढ़ गईं।
हालांकि, पूरे मैच में कोलंबिया का दबदबा बना रहा और टीम ने अधिकांश समय बेहतर खेल दिखाया। मैच खत्म होने से करीब 10 मिनट पहले कोलंबिया ने अपनी जीत लगभग पक्की कर दी। स्पोर्टिंग लिस्बन के स्ट्राइकर लुइस सुआरेज ने अनुभवी प्लेमेकर जेम्स रोड्रिगेज के लंबे पास को शानदार तरीके से नियंत्रित किया। इसके बाद उन्होंने दूर के कोने में जोरदार शॉट लगाकर गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया और स्कोर 3-1 कर दिया।
मैच के बाद लोरेंजो ने कहा, “यह एक अच्छा टेस्ट था, भले ही कल तक हमारे साथ पूरा ग्रुप नहीं था। हमें बहुत सी चीजों में सुधार करना है, लेकिन जैसे-जैसे दिन बीतेंगे, एक साथ समय बिताकर और सभी खिलाड़ियों को शारीरिक तौर पर तैयार करके, मुझे विश्वास है कि हम वर्ल्ड कप के लिए बहुत अच्छी शेप में होंगे।"
कोलंबिया अपना वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत करने से पहले 7 जून को सैन डिएगो में जॉर्डन के खिलाफ अपना आखिरी वार्म-अप मैच खेलेगा। साउथ अमेरिकन टीम 17 जून को मेक्सिको सिटी में उज्बेकिस्तान के खिलाफ अपने ग्रुप स्टेज अभियान की शुरुआत करेगी। कोलंबिया फिर अपने बाकी ग्रुप मुकाबलों में डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो और पुर्तगाल का सामना करेगा।
--आईएएनएस
एसएम/एएस