×

एशियन गेम्स से पहले नागोया में बाढ़ का कहर, वीडियो में जाने 400 खिलाड़ियों और स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

 

जापान के नागोया शहर में एशियन गेम्स की शुरुआत से ठीक 10 दिन पहले आई बाढ़ ने आयोजन की तैयारियों पर चिंता बढ़ा दी है। भारी बारिश के कारण शहर की कई सड़कें और घर पानी में डूब गए। हालात को देखते हुए एशियन गेम्स में हिस्सा लेने पहुंचे करीब 400 खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। नागोया में होने वाले एशियन गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी 19 सितंबर को प्रस्तावित है। हालांकि बाढ़ के कारण शहर में जनजीवन प्रभावित हुआ और कुछ समय के लिए बस और मेट्रो सेवाएं भी बाधित रहीं। जापानी मीडिया में नागोया की सड़कों और मेट्रो स्टेशनों में भरे पानी की तस्वीरें सामने आईं, जिससे हालात की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

मेयर ने कहा- आयोजन पर कोई खतरा नहीं

नागोया के मेयर इचिरो हिरोसावा ने कहा है कि एशियन गेम्स के आयोजन को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है। उन्होंने दावा किया कि टूर्नामेंट तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित किया जाएगा।मेयर ने बताया कि एशियन गेम्स के लिए तैयार किए गए दर्जनों वेन्यू को बाढ़ से गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और आयोजन से जुड़े सभी इंतजामों की समीक्षा की जा रही है।

3,500 लोगों ने ली इमरजेंसी शेल्टर में शरण

बाढ़ के चलते नागोया और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए। करीब 3,500 लोगों को इमरजेंसी शेल्टर में पहुंचाया गया। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य शुरू किए।एशियन गेम्स के लिए पहुंचे खिलाड़ियों और अधिकारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें अस्थायी रूप से सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। अधिकारियों का कहना है कि खिलाड़ियों की ट्रेनिंग और प्रतियोगिता से जुड़ी गतिविधियों को सामान्य रखने की कोशिश की जा रही है।

कुछ वेन्यू में पानी टपकने की घटनाएं

न्यूज एजेंसी AP की रिपोर्ट के अनुसार, बाढ़ के प्रभाव के चलते कुछ आयोजन स्थलों पर छतों से पानी टपकने की घटनाएं भी सामने आईं। हालांकि आयोजकों ने कहा कि इससे किसी बड़े नुकसान की जानकारी नहीं मिली है।जापान में होने वाले इस बड़े खेल आयोजन के लिए नागोया और इची क्षेत्र में लंबे समय से तैयारियां चल रही हैं। एशियन गेम्स का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होना है।

मौसम पर प्रशासन की नजर

बाढ़ के बाद जापानी प्रशासन और आयोजन समिति मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।एशियन गेम्स में एशिया के कई देशों के हजारों खिलाड़ी हिस्सा लेने वाले हैं। ऐसे में आयोजन से पहले आई प्राकृतिक आपदा ने कुछ समय के लिए चिंता जरूर बढ़ाई, लेकिन जापानी अधिकारियों का दावा है कि खेलों का आयोजन प्रभावित नहीं होगा और सभी प्रतियोगिताएं निर्धारित समय पर कराई जाएंगी।