×

फीफा अंडर-15 वर्ल्ड कप: भारत 'ग्रुप-के' में बहरीन, कैमरून, ग्रेनेडा, लाओस और सेनेगल के साथ

 

नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। भारत को अक्टूबर में बाकू में होने वाले पहले फीफा अंडर-15 विश्व कप के ग्रुप-के में बहरीन, कैमरून, ग्रेनेडा, लाओस और सेनेगल के साथ रखा गया है। भारत की अंडर-15 पुरुष टीम बाकू के होवसन कॉम्पिटिशन कॉम्प्लेक्स में क्वालिफिकेशन स्टेज में तीन दिनों में पांच मैच खेलेगी।

भारत अपने अभियान की शुरुआत 24 अक्टूबर को लाओस के खिलाफ करेगा। अगले दिन, वे दो मैच खेलेंगे - पहले कैमरून का सामना करेंगे और फिर ग्रेनाडा से भिड़ेंगे। सभी मैच पिच 1बी पर खेले जाएंगे।

भारत 26 अक्टूबर को एक और डबल-हेडर के साथ क्वालिफिकेशन स्टेज पूरा करेगा। वे पिच 9ए पर बहरीन का सामना करेंगे और फिर पिच 8ए पर सेनेगल से भिड़ेंगे।

इस टूर्नामेंट में फीफा के सभी सदस्य संघ हिस्सा ले सकते हैं, इसलिए 191 राष्ट्रीय टीमों को '32 ग्रुप' में बांटा गया है। 6 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 20 पिचों पर कुल 943 मैच खेले जाएंगे।

फीफा अंडर-15 वर्ल्ड कप और फेस्टिवल के मैच 8 बनाम 8 फॉर्मेट में खेले जाएंगे, जिसमें 20-20 मिनट के दो हाफ होंगे और बीच में पांच मिनट का हाफ-टाइम ब्रेक होगा। पिच का साइज 68 मीटर गुणा 50 मीटर होगा और पूरे मैच के दौरान रोलिंग सब्स्टिट्यूशन की अनुमति होगी।

हिस्सा लेने वाली टीमें 22 अक्टूबर को बाकू पहुंचेंगी, जिसके बाद 23 अक्टूबर को 'ऑफिशियल ट्रेनिंग डे' होगा। क्वालिफिकेशन स्टेज 24 से 26 अक्टूबर तक चलेगा और 27 अक्टूबर को आराम का दिन होगा। टूर्नामेंट स्टेज 28 और 29 अक्टूबर को होगा, और टियर फाइनल 30 अक्टूबर को खेले जाएंगे।

भारत की टीम अभी बेंगलुरु के सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस में कैंप कर रही है। अजरबैजान जाने से पहले वे घरेलू मैदान पर इंटरनेशनल फ्रेंडली मैच भी खेलेंगे, जिसके लिए 14 खिलाड़ियों की फाइनल टीम चुनी जाएगी।

जहां अंडर-15 वर्ल्ड कप का पहला एडिशन फीफा के सभी सदस्य संघों की लड़कों की टीमों के लिए है, वहीं 2027 में होने वाले दूसरे एडिशन में सिर्फ लड़कियों की टीमें हिस्सा लेंगी। साल 2028 से, सभी सदस्य संघों को अपनी लड़कों और लड़कियों की अंडर-15 टीमों के साथ दो अलग-अलग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

--आईएएनएस

आरएसजी