फीफा प्रमुख इन्फेंटिनो ने घाना के फुटबॉलर डोमिनिक फ्रिम्पोंग के निधन पर जताया शोक
नई दिल्ली, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने बेरेकुम चेल्सी एफसी के खिलाड़ी डोमिनिक फ्रिम्पोंग के दुखद निधन पर संवेदना व्यक्त की है। बताया जा रहा है कि यह घटना घाना प्रीमियर लीग के एक मैच के बाद हुई, जिसमें बेरेकुम चेल्सी का मुकाबला पूर्व चैंपियन एफसी समार्टेक्स 1996 से था।
20 वर्षीय फुटबॉलर की जान उस समय चली गई, जब घाना प्रीमियर लीग के मैच से लौटते समय बेरेकुम चेल्सी एफसी की टीम बस पर हमला हुआ।
फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट 'इंस्टाग्राम' पर लिखा, "बेरेकुम चेल्सी फुटबॉल क्लब के डोमिनिक फ्रिम्पोंग के दुखद निधन के बारे में सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। यह घटना तब हुई, जब टीम घाना प्रीमियर लीग के एक मैच से लौट रही थी और उनकी बस पर हमला किया गया। वैश्विक फुटबॉल समुदाय और फीफा में मौजूद हर व्यक्ति की ओर से हम उनके परिवार, दोस्तों, बेरेकुम चेल्सी एफसी के सभी सदस्यों और उन सभी लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं, जो उन्हें जानते थे।"
समरेबोई से बेरेकुम लौटते समय, बेरेकुम चेल्सी एफसी की बस पर हथियारबंद लुटेरों के एक समूह ने हमला कर दिया। लुटेरों ने सड़क को अवरुद्ध कर दिया था, ताकि बस आगे न बढ़ सके। क्लब के अनुसार, बंदूकें और असॉल्ट राइफलें लिए हुए नकाबपोश हमलावरों ने बस पर घात लगाकर हमला किया, जब ड्राइवर ने बस को पीछे करने की कोशिश की। खिलाड़ी और स्टाफ के सदस्य जान बचाने के लिए पास की झाड़ियों में छिप गए। दुर्भाग्य से फ्रिम्पोंग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
अफ्रीकी फुटबॉल परिसंघ (सीएएफ) के अध्यक्ष पैट्रिस मोटसेपे ने भी फ्रिम्पोंग के निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त की है। घाना फुटबॉल संघ के अध्यक्ष कर्ट एडविन सिमियन-ओक्राकू को संबोधित एक आधिकारिक पत्र में मोटसेपे ने इस क्षति पर अपना गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "मुझे अत्यंत दुख के साथ यह जानकारी मिली कि बेरेकुम चेल्सी की बस पर हथियारबंद लुटेरों ने हमला किया। यह बस घाना प्रीमियर लीग के एक मैच से लौट रही थी और इस हमले में 20 वर्षीय विंगर डोमिनिक फ्रिम्पोंग की जान चली गई। कृपया मेरी ओर से और सीएएफ की ओर से डोमिनिक फ्रिम्पोंग के परिवार, दोस्तों, टीम के साथियों और घाना फुटबॉल संघ के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं पहुंचाएं।"
हमले से जुड़ी परिस्थितियों की जांच जारी रहने के बीच फुटबॉल एसोसिएशन क्लब और संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में बना हुआ है। अधिकारियों से आग्रह किया जा रहा है कि वे यह सुनिश्चित करें कि दोषियों को न्याय के कठघरे में लाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम