फील्डिंग ही मैच का सबसे बड़ा फर्क साबित हुई: अक्षर पटेल
चेन्नई, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ 23 रन से हार के बाद डीसी के कप्तान अक्षर पटेल का मानना है कि फील्डिंग ही मैच का सबसे बड़ा फर्क साबित हुई।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स ने 2 विकेट खोकर 212 रन बनाए। इस पारी मे संजू सैमसन ने 56 गेंदों में 115 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि आयुष म्हात्रे 59 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए।
इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स 189 रन पर सिमट गई। इस पारी में पथुम निसांका ने 41 रन बनाए, जबकि ट्रिस्टन स्टब्स ने 38 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 60 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से जेमी ओवरटन ने 18 रन देकर 4 विकेट निकाले। अंशुल कंबोज ने 3 सफलताएं प्राप्त कीं।
दिल्ली कैपिटल्स 4 में से 2 मैच गंवाकर प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स ने लगातार 3 मुकाबलों में हार के बाद पहली जीत दर्ज की है। यह टीम 9वें स्थान पर पहुंच गई है।
मुकाबला गंवाने के बाद डीसी के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा, "मुझे लगता है कि हमने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन अगर लक्ष्य का पीछा करने की बात करें, तो पावरप्ले के बाद हमने जल्द दो-तीन विकेट गंवा दिए, जिससे हमारी लय टूट गई। मेरे हिसाब से फील्डिंग ही मैच का सबसे बड़ा फर्क साबित हुई।"
उन्होंने कहा, "अगर आप देखें, तो जब भी विकेट गिरे, जोड़ी में गिरे, जिससे स्थिति और मुश्किल हो गई। विकेट लगातार समूह में गिरते रहे और इससे हमारा मोमेंटम नीचे चला गया। मुझे लगता है बल्लेबाजों ने ठीक काम किया, लेकिन कुल मिलाकर हमारी फील्डिंग कमजोर रही, क्योंकि 213-215 रन का लक्ष्य हासिल किया जा सकता था।"
हार के बावजूद अक्षर पटेल ने गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा, "मैं गेंदबाजों को श्रेय देना चाहूंगा, उन्होंने बहुत अच्छा काम किया और विपक्षी टीम को लगभग 215-217 रन पर रोक दिया। यह बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छी पिच थी। लेकिन जैसा मैंने कहा, अगर हमने फील्डिंग में एक-दो कैच नहीं छोड़े होते, तो नतीजा अलग हो सकता था।"
--आईएएनएस
आरएसजी