×

इंग्लैंड के कोच बनना चाहते हैं बेन स्टोक्स, बतौर खिलाड़ी वापसी की संभावना को नकारा

 

नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स भविष्य में इंग्लैंड के कोच बनना चाहते हैं। इसके साथ ही स्टोक्स ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि उन्होंने हमेशा के लिए संन्यास ले लिया है। पूर्व कप्तान ने अपने लंबे समय के लक्ष्यों के बारे में बात करते हुए एशेज सीरीज 2027 के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की संभावना को भी खारिज कर दिया।

पूर्व टीम-साथी स्टुअर्ट ब्रॉड और जोस बटलर के पॉडकास्ट 'फॉर द लव ऑफ क्रिकेट' पर स्टोक्स ने कहा, "मुझे पता है कि खेल से जुड़े रहने के लिए मैं क्या करना चाहता हूं – और वह है कोच बनना। मैं अभी खेलते हुए ही अपना लेवल-3 कोचिंग कोर्स कर रहा हूं, क्योंकि मैं चाहता हूं कि जब मैं खेलना छोड़ूं, तो मेरी सारी कोचिंग से जुड़ी चीजें पूरी हो चुकी हों। मुझे पता है कि खेल से जुड़े रहने के लिए मैं क्या करना चाहता हूं – और वह है कोच बनना। क्या मैं एक दिन इंग्लैंड का कोच बनना चाहूंगा? बिल्कुल। मुझे खेल से हटकर किसी तरह की लीडरशिप भूमिका में रहने का विचार बहुत पसंद है।"

स्टोक्स ने हैरी ब्रूक का समर्थन करते हुए कहा था कि ब्रूक बतौर कप्तान उनकी जगह ले सकते हैं, जिन्हें पिछली सर्दियों के एशेज दौरे के लिए टेस्ट टीम में स्टोक्स का उप-कप्तान बनाया गया था, लेकिन इसके बजाय जो रूट को यह भूमिका सौंपी गई। स्टोक्स ने इस पर हैरानी जताई।

बेन स्टोक्स ने कहा, "अगर आपको लगता है कि कोई अच्छा कप्तान या अच्छा लीडर बनेगा, तो बस उन्हें यह जिम्मेदारी दे देनी चाहिए। मैं वजह समझता था, लेकिन फिर भी मुझे लगा कि इससे उन्हें क्या संदेश जा रहा है? वह उप-कप्तान हैं। और फिर कप्तान नहीं खेल रहा है, लेकिन वह कप्तान नहीं बनते। यह क्या बात हुई? मैं रूटी (जो रूट) को बहुत पसंद करता हूं। मैं उनके लिए सिर्फ सफलता की कामना करता हूं। मुझे उम्मीद है कि वह कप्तान के तौर पर शानदार काम करेंगे। मुझे लगता है कि वह फ्लेम (स्टीफन फ्लेमिंग) के साथ इसका भरपूर आनंद लेंगे। वह एक बेहतरीन इंसान हैं। मैंने पहले भी फ्लेम के साथ काम किया है।"

बेन स्टोक्स ने 2022 से चार साल तक टेस्ट कप्तानी संभाली और हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम के साथ मिलकर इंग्लैंड के खेलने के तरीके को बदला, जिसे 'बैजबॉल' नाम दिया गया।

स्टोक्स के रिटायरमेंट की घोषणा के दो हफ्तों बाद मैकुलम के टेस्ट रोल से हटने की घोषणा की गई। बाद में, इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग को नया टेस्ट कोच नियुक्त किया। बतौर टेस्ट कोच मैकुलम का चार साल का कार्यकाल साल 2022 में शुरू हुआ। शुरुआत में टीम में जबरदस्त आक्रामक बैटिंग पर आधारित प्रगतिशील क्रिकेट का दौर देखा गया, लेकिन हाल ही में टीम का प्रदर्शन काफी गिर गया और वे पिछले नौ टेस्ट मैचों में से सात हार गए।

स्टोक्स ने अगले समर में होने वाली घरेलू एशेज सीरीज में वापसी की संभावना को खारिज करते हुए कहा, "मैंने कभी नहीं सोचा कि मैं बस इसे छोड़ दूंगा और सिर्फ एक खिलाड़ी के तौर पर खेलता रहूंगा। मैं 35 साल का हूं। अगर मैं कप्तान नहीं रहूंगा, तो मुझे लगता है कि मेरे लिए ऐसा करना मुश्किल होगा। ऐसा इसलिए नहीं कह रहा कि किसी और की कप्तानी में खेलना मेरे लिए मुश्किल होगा। मैं बस इसलिए ऐसा सोचता हूं क्योंकि मैंने अपने करियर का इतना बड़ा हिस्सा इस काम को दिया है, अगर मैं इंग्लैंड के लिए खेलूंगा तो कप्तान के तौर पर ही खेलूंगा। मैं खेलना छोड़ने और इंग्लैंड के लिए खेलने के बारे में न सोचने को लेकर बहुत सहज था।"

--आईएएनएस

आरस आरएसजी