एक-दो नहीं, तीन या पांच टेस्ट मैचों की सीरीज होनी चाहिए: अफगानिस्तान कोच रिचर्ड पायबस
न्यू चंडीगढ़, 5 जून (आईएएनएस)। भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार से एकमात्र टेस्ट पीसीए न्यू क्रिकेट स्टेडियम में शुरू हो रहा है। भारत के खिलाफ टेस्ट खेलने और अपनी क्षमता को जांचने का अफगानिस्तान के पास इससे बेहतर मौका नहीं हो सकता।
टेस्ट मैच से पहले अफगानिस्तान के हेड कोच रिचर्ड पायबस ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से अपनी टीम के लिए एक टेस्ट कैलेंडर देने की अपील की है। पायबस ने कहा कि देश में रेड-बॉल क्रिकेट को बनाए रखने के लिए कभी-कभार होने वाले टेस्ट मैच काफी नहीं हैं।
शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पायबस ने कहा, "भारत में आकर भारत के खिलाफ खेलना हमेशा विश्व क्रिकेट की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक रहा है। इसमें कोई शक नहीं है कि भारत को उसके घर में हराना बहुत मुश्किल है।"
उन्होंने कहा कि बीसीसीआई को श्रेय जाता है कि उन्होंने इस साल हमें काफी क्रिकेट दिया है। यह हमारे लिए शानदार है। किसी देश को पूर्ण सदस्यता मिलना एक बात है, लेकिन उसके बाद आपको पूरे शेड्यूल की जरूरत होती है। मैं आगे देखना चाहूंगा कि दूसरी सीनियर पूर्ण सदस्य टीमें भी सूची बनाना शुरू करें। हमें अब ऐसी स्थिति में होना चाहिए जहां एक सही फिक्सचर सूची हो।
एक टेस्ट मैच के अवसर की आलोचना करते हुए पायबस ने कहा कि इससे खिलाड़ियों को सीखने और संतुलन बनाने का मौका नहीं मिलता। एक टेस्ट खेलना और अगला टेस्ट मैच खेलने से पहले चार या पांच महीने का ब्रेक लेना असामान्य है। तीन टेस्ट या पांच टेस्ट की सीरीज बेहतर है। दो टेस्ट मैचों की सीरीज का मुझे कोई मतलब समझ नहीं आता। आप ऐसी सीरीज नहीं चाहते जो टाई हो। तीन या पांच टेस्ट की सीरीज होनी चाहिए ताकि आप असल में जीत सकें।
टेस्ट मैच में स्टार स्पिनर राशिद खान की अनुपलब्धता पर पायबस ने कहा, "राशिद को पीठ की शिकायत बहुत पहले से है। उसे बहुत ज्यादा क्रिकेट खेलना पड़ता है। खुद का प्रबंधन करना पड़ता है। मैं इस बातचीत का इंतजार कर रहा हूं ताकि हम देख सकें कि हम उन्हें कैसे अफगानिस्तान के लिए ज्यादा से ज्यादा खेलने के लिए कैसे सपोर्ट कर सकते हैं।"
अफगानिस्तान ने 2018 में अपना पहला टेस्ट खेला था, जो भारत के खिलाफ ही था। अब अफगानिस्तान भारत के खिलाफ अपना दूसरा टेस्ट खेलने के लिए तैयार है। टेस्ट नेशन का दर्जा मिलने के बाद से अफगानिस्तान ने मात्र 10 टेस्ट खेले हैं।
--आईएएनएस
पीएके