दूसरे टी20 में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी, भारत की प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं
रायपुर, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
टॉस जीतने के बाद जिम्बाब्वे की कप्तान जोसेफिन नकोमो ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। पिछली बार हमें अच्छी शुरुआत मिली थी और हमें उम्मीद है कि इस बार भी हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे। हम बस स्ट्राइक रोटेट करते रहना चाहते हैं और एक अच्छा स्कोर खड़ा करना चाहते हैं। उम्मीद है कि हम अपनी रणनीति पर अच्छे से अमल करेंगे, और पावरप्ले में अच्छी गेंदबाजी करना चाहेंगे। हम उसी प्लेइंग इलेवन के साथ उतर रहे हैं।"
टॉस हारने के बाद भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करना चाहते थे। पिछले मैच में हमने अच्छी बल्लेबाजी नहीं की थी, और हम इस बार उसमें सुधार करने की कोशिश करेंगे। पिछले मैच में हमारा स्कोर 19/4 था, और हम इस बार अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे। हम उसी टीम के साथ उतर रहे हैं।"
पहले टी20 में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 4 विकेट से हराया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 114 रन लगाए थे। हालांकि, टीम इंडिया शुरुआती झटकों के बावजूद लक्ष्य को 15.4 ओवर में 6 विकेट गंवाकर हासिल करने में सफल रही थी।
दीप्ति शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 49 रनों की दमदार पारी खेली थी। उन्होंने अपनी इस इनिंग में 8 चौके लगाए थे। वहीं, अपने इंटरनेशनल डेब्यू मुकाबले में निकी प्रसाद 35 गेंदों में 39 रन बनाकर नाबाद रही थीं और टीम को जीत दिलाकर लौटी थीं। हालांकि, बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा और हरमनप्रीत कौर का बल्ला खामोश रहा था। यह खिलाड़ी इस मुकाबले में जरूर जोरदार प्रदर्शन करना चाहेंगी। भारत की ओर से गेंदबाजी में नंदनी शर्मा ने 4 ओवर में सिर्फ 11 रन देकर 2 विकेट निकाले थे। वहीं, क्रांति गौड़, दीप्ति शर्मा और श्री चरणी भी असरदार साबित हुई थीं।
दूसरी ओर, जिम्बाब्वे की तरफ से पहले टी20 में शार्न मेयर्स ने 33 गेंदों में 43 रनों की नाबाद पारी खेली थी, जबकि केलिस नधलोवु ने 42 रनों का योगदान दिया था। वहीं, टीम के गेंदबाज भी पावरप्ले में अच्छी लय में दिखाई दी थीं और न्याशा ग्वांज़ुरा ने 3 विकेट लेते हुए भारतीय टीम का स्कोर 19/4 कर दिया था। मिशेल मावुंगा और बीजा भी अच्छी लय में दिखाई दी थीं।
भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन: स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा, अनुष्का शर्मा, हरमनप्रीत कौर, निकी प्रसाद, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, श्री चरणी, नंदनी शर्मा और क्रांति गौड़।
जिम्बाब्वे टीम की प्लेइंग इलेवन: केलिस नधलोवु, बिलव्ड बिजा, मोडेस्टर मुपाचिक्वा (विकेटकीपर), शार्न मेयर्स, न्याशा ग्वानज़ुरा, मिशेल मावुंगा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, फ्रांसिस्का चिपारे, जोसेफिन नकोमो (कप्तान), ओलिंडर चारे और तेंडाई मकुशा।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम