डीपीएल 2026: 'हर बार अलग मैच विनर मिल रहे', सेंट्रल दिल्ली की लगातार तीसरी जीत पर बोले कप्तान धुल
नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में सोमवार को खेले गए मैच में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को 4 विकेट से हरा दिया। यह सेंट्रल दिल्ली किंग्स की लगातार तीसरी जीत थी। 8 टीमों की अंक तालिका में सेंट्रल दिल्ली किंग्स पहले स्थान पर है। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स पर जीत का श्रेय सेंट्रल दिल्ली किंग्स के कप्तान यश धुल ने टीम के सामूहिक प्रदर्शन को दिया।
मैच के बाद यश धुल ने कहा, "हमारे लिए एक अच्छी बात यह है कि हर मैच में कोई न कोई अलग खिलाड़ी आगे आकर अच्छा खेल रहा है। पिछले मैच में वंश बेदी ने अच्छा खेला था। इस मैच में जोंटी सिद्धू और आदित्य भंडारी ने शानदार पारियां खेलीं। इससे पूरी टीम को भरोसा मिलता है कि हम किसी भी लक्ष्य का पीछा कर सकते हैं। ट्रॉफी जीतने के लिए, अलग-अलग स्थितियों में अलग-अलग खिलाड़ियों का योगदान जरूरी होता है।"
धुल ने सिद्धू और भंडारी के बीच मैच जिताने वाली साझेदारी की तारीफ की और कहा कि इसने मैच का रुख बदल दिया।
उन्होंने कहा, "जोंटी और आदित्य भंडारी के बीच यह एक अहम साझेदारी थी। हमने पिछले सीजन से ही जोंटी पर भरोसा जताया है, और आज उन्होंने बहुत समझदारी दिखाई। शुरुआती कुछ विकेट गिरने के बाद, उन्होंने शानदार ढंग से पारी को आगे बढ़ाया। युवा खिलाड़ी उनसे बहुत कुछ सीख सकते हैं कि उन्होंने अपनी पारी को कैसे आगे बढ़ाया।"
75 रनों की शानदार पारी खेलने वाले सिद्धू ने कहा कि शांत रहना उनकी पारी की सफलता का सबसे बड़ा कारण था।
उन्होंने कहा, "मेरा प्लान था कि चेज के दौरान जितना हो सके शांत रहूं। अगर आप बड़े टारगेट का पीछा करते हुए जोश में बह जाते हैं, तो चीजें मुश्किल हो सकती हैं। मैं आदित्य भंडारी से कहता रहा कि हमें हर ओवर में बस कुछ बाउंड्री की जरूरत है। अगर हम धैर्य से खेलें, तो गेम हमारे पक्ष में आ जाएगा। अच्छी बात ये रही कि हमारा प्लान काम कर गया।"
अरुण जेटली स्टेडियम में हुए मैच में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर ने सेंट्रल दिल्ली को जीत के लिए 210 रन का लक्ष्य दिया था। सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 18.2 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल करते हुए 4 विकेट से मैच जीता। सेंट्रल दिल्ली किंग्स के लिए जोंटी सिंद्धु ने 38 गेंदों पर 75 और आदित्य भंडारी ने 24 गेंदों पर 46 रन की पारी खेली। 86 रन पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में फंसी सेंट्रल दिल्ली के लिए जोंटी और आदित्य ने पांचवें विकेट के लिए 82 रन की अहम साझेदारी करते हुए मैच जिताया।
--आईएएनएस
पीएके