×

'दबाव अब सुदर्शन पर आएगा', आकाश चोपड़ा ने बताया कैसे देवदत्त पडिक्कल ने बढ़ाया सिलेक्टर्स का सिरदर्द

 

नई दिल्ली, 17 अगस्त (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका के बीच सीरीज का पहला टेस्ट मुकाबला गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट के दूसरे दिन देवदत्त पडिक्कल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली। भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने बताया है कि कैसे पडिक्कल की इस शतकीय पारी ने भारतीय टीम और सिलेक्टर्स का सिरदर्द बढ़ा दिया है।

आकाश ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा कि पडिक्कल का यह शतक टेस्ट में नंबर तीन पर खेलने वाले साई सुदर्शन पर दबाव बढ़ाएगा। उन्होंने कहा, "दबाव अब साई सुदर्शन पर आएगा। सुदर्शन को मौके मिल रहे थे, लेकिन वह अपनी जगह पक्की नहीं कर पाए हैं, और मुझे लगता है कि उन पर दबाव पड़ेगा। पडिक्कल का पहला मैच अच्छा जा चुका है और अगर वह दूसरे मुकाबले में भी दमदार प्रदर्शन करते हैं, तो सिलेक्शन कमिटी को बहुत दिलचस्प फैसला लेना पड़ सकता है।"

पूर्व क्रिकेटर ने आगे कहा, "जब आप टेस्ट सीरीज के लिए न्यूजीलैंड जाएंगे, तो वहां भी सिर्फ दो टेस्ट मैच हैं। ऐसे में क्या आप साई सुदर्शन की तरफ जाएंगे या देवदत्त पडिक्कल में निवेश करेंगे, क्योंकि उन्होंने इस समय लगभग खुद को ऐसा खिलाड़ी बना लिया है, जिन्हें ड्रॉप करना बेहद मुश्किल है? मुझे ऐसा ही लगता है।" पडिक्कल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 230 गेंदों में 167 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान पडिक्कल ने 15 चौके और एक छक्का लगाया।

उन्होंने केएल राहुल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 162 रनों की साझेदारी जमाई, जबकि ऋषभ पंत के साथ उन्होंने 71 रनों की अहम पार्टनरशिप निभाई। पडिक्कल की शतकीय पारी की बदौलत भारतीय टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 9 विकेट खोकर 460 रन स्कोरबोर्ड पर लगा लिए हैं। पडिक्कल भारत की ओर से नंबर तीन पर खेलते हुए श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में 150 या उससे ज्यादा रनों की पारी खेलने वाले तीसरे बल्लेबाज बने। उनसे पहले यह कारनामा सिर्फ राहुल द्रविड़ और चेतेश्वर पुजारा ही कर सके हैं।

--आईएएनएस

एसएम/पीएम