हर सिलेक्शन मीटिंग में शामिल होंगे VVS लक्ष्मण, वीडियो में जाने BCCI ने लिया बड़ा फैसला; खिलाड़ियों की फिटनेस पर रहेगी नजर
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम चयन को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) के प्रमुख और हेड ऑफ क्रिकेट वीवीएस लक्ष्मण अब सीनियर सिलेक्शन कमेटी की हर बैठक में मौजूद रहेंगे। BCCI सचिव देवाजीत सैकिया ने मंगलवार को बताया कि मुंबई में हुई बोर्ड की समीक्षा बैठक में यह फैसला लिया गया।
चयनकर्ताओं और CoE के बीच नहीं रहेगा कम्युनिकेशन गैप
BCCI सचिव देवाजीत सैकिया ने बताया कि लक्ष्मण की मौजूदगी का मुख्य उद्देश्य चयनकर्ताओं और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि लक्ष्मण हर चयन बैठक में मौजूद रहेंगे, ताकि खिलाड़ियों की उपलब्धता, फिटनेस और चोट से जुड़ी जानकारी चयनकर्ताओं तक सही समय पर पहुंच सके।लक्ष्मण वर्तमान में BCCI में हेड ऑफ क्रिकेट और CoE प्रमुख की भूमिका निभा रहे हैं। उनके पास भारतीय खिलाड़ियों की चोट, फिटनेस और रिहैब से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी रहती है।
चयन के बाद खिलाड़ी हो जाते थे अनफिट
BCCI की समीक्षा बैठक में खिलाड़ियों की फिटनेस और चयन प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। पिछले 3-4 महीनों में ऐसे कई मामले सामने आए, जब किसी खिलाड़ी को टीम में चुना गया, लेकिन मैच खेलने का समय आने पर वह फिटनेस समस्या के कारण उपलब्ध नहीं हो सका।ऐसे मामलों को देखते हुए बोर्ड अब चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस और उपलब्धता को लेकर ज्यादा स्पष्ट जानकारी चाहता है। लक्ष्मण की हर चयन बैठक में मौजूदगी से चयनकर्ताओं को खिलाड़ियों की मौजूदा फिटनेस स्थिति के बारे में सीधे जानकारी मिल सकेगी।
गुवाहाटी की चयन बैठक में भी शामिल हुए थे लक्ष्मण
वीवीएस लक्ष्मण हाल ही में गुवाहाटी में हुई टी-20 और इंडिया A टीम की चयन बैठक में भी शामिल हुए थे। अब BCCI ने उनकी मौजूदगी को केवल कुछ बैठकों तक सीमित रखने के बजाय सीनियर सिलेक्शन कमेटी की हर बैठक में अनिवार्य करने का फैसला किया है।इससे चयनकर्ताओं को किसी खिलाड़ी का नाम तय करने से पहले उसकी फिटनेस, चोट और रिहैब की स्थिति की जानकारी मिल सकेगी। BCCI को उम्मीद है कि इससे चयन और खिलाड़ियों की उपलब्धता के बीच बेहतर तालमेल बनेगा और अंतिम समय पर होने वाले बदलावों में कमी आएगी।