×

WTC फाइनल की राह हुई मुश्किल! स्लो ओवर रेट की गाज से थर्राई पाक टीम, ICC ने ठोका भारी जुर्माना

 

इंग्लैंड के दौरे पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए कुछ भी अच्छा नहीं रहा। इंग्लैंड ने पाकिस्तान को तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया। सीरीज में करारी हार के बाद पाकिस्तान को एक और बड़ा झटका लगा है। धीमी ओवर गति के कारण उसके WTC पॉइंट्स में कटौती की गई है और खिलाड़ियों पर भारी जुर्माना भी लगाया गया है।

हर कम ओवर पर कटा WTC पॉइंट

पाकिस्तान की टीम निर्धारित समय में पूरे ओवर नहीं कर सकी। ICC के WTC प्लेइंग कंडीशंस के आर्टिकल 16.11.2 के तहत हर कम ओवर के लिए एक WTC पॉइंट काटा गया है।इसके अलावा खिलाड़ियों पर भी कार्रवाई हुई है। ICC कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के मुताबिक हर कम ओवर के लिए मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।पाकिस्तान इस मुकाबले में 11 ओवर कम रहा था। यानी नियम के हिसाब से जुर्माना 55 प्रतिशत तक पहुंचता, लेकिन एक मैच में किसी खिलाड़ी पर अधिकतम 50 प्रतिशत मैच फीस का ही जुर्माना लगाया जा सकता है। इसलिए खिलाड़ियों पर 50 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया।

WTC फाइनल की उम्मीद भी खत्म

इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज गंवाने और WTC पॉइंट्स कटने के बाद पाकिस्तान की स्थिति और खराब हो गई है। पाकिस्तान पहले से ही WTC पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले स्थान पर था।

अब चार सीरीज में नौ टेस्ट खेलने के बाद उसका पॉइंट्स परसेंटेज 4.63 रह गया है। इस खराब स्थिति के साथ पाकिस्तान की WTC फाइनल में पहुंचने की बची हुई उम्मीद भी खत्म हो गई है।

अब पाकिस्तान नवंबर में श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगा। इसके बाद 2027 में न्यूजीलैंड की टीम पाकिस्तान का दौरा करेगी।

इंग्लैंड ने किया पाकिस्तान का क्लीन स्वीप

तीन मैचों की पूरी सीरीज में पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड के सामने संघर्ष करती नजर आई।

पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पारी और 103 रन से करारी शिकस्त दी। इसके बाद दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान को 194 रन से हार मिली।

तीसरे और आखिरी टेस्ट में भी पाकिस्तान वापसी नहीं कर सका और इंग्लैंड ने मुकाबला 8 विकेट से जीतकर सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली।

इस तरह पाकिस्तान को एक तरफ इंग्लैंड के हाथों क्लीन स्वीप झेलना पड़ा, वहीं दूसरी तरफ WTC पॉइंट्स कटने के बाद उसकी फाइनल में पहुंचने की उम्मीद भी पूरी तरह खत्म हो गई।