T20 World Cup 2026: भारत ने 2 ओवरों में पलटी बाजी, 253 रन बनाकर इंग्लैंड को 7 रनों से हराया
इंडिया ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रन से हरा दिया। इसके साथ ही टीम इंडिया ने फाइनल में जगह पक्की कर ली और अब 8 मार्च को खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड से भिड़ेगी। जैकब बेथेल ने ऐतिहासिक शतक लगाया, लेकिन इंग्लैंड को चौथी बार फाइनल में नहीं पहुंचा सके। इंडिया T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में चौथी बार फाइनल में पहुंचा है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में इंडियन टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 253 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड सिर्फ 246 रन ही बना सका और 7 रन से मैच हार गया। पूरे मैच में कुल 499 रन बने।
2 ओवर में पासा पलट गया
254 रन के रिकॉर्ड टारगेट का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने 17 ओवर में 209 रन बना लिए थे। उन्हें आखिरी 3 ओवर में 45 रन बनाने थे। जैकब बेथेल और सैम कुरेन सेट हो चुके थे, और इंग्लैंड की जीत पूरी तरह मुमकिन लग रही थी। इसी बीच, 18वें ओवर में जसप्रीत बुमराह अपने स्पेल का आखिरी ओवर डालने आए। उन्होंने सिर्फ़ छह रन दिए और मैच भारत के पक्ष में हो गया। अब सबकी नज़रें हार्दिक पांड्या पर थीं। हार्दिक 19वां ओवर करने आए और बेथेल ने पहली ही गेंद पर छक्का मारा। ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड वापसी करेगा, लेकिन हार्दिक ने तीसरी गेंद पर सैम करन को आउट कर दिया। इंग्लैंड को अब नौ गेंदों पर 32 रन चाहिए थे।
हार्दिक ने अगली तीन गेंदों पर सिर्फ़ दो रन दिए और इस ओवर में सिर्फ़ नौ रन बने। बुमराह और हार्दिक ने दो ओवर में सिर्फ़ 15 रन दिए, जिससे इंग्लैंड मैच से पूरी तरह बाहर हो गया। बाकी काम शिवम दुबे ने किया, उन्होंने 20वें ओवर की पहली ही गेंद पर जैकब बेथेल को आउट किया, तब स्कोर 105 रन था।
सैमसन और बुमराह चमके
संजू सैमसन ने 89 रन की पारी खेलकर भारत की बैटिंग को लीड किया, जबकि शिवम दुबे ने 43 और ईशान किशन ने 39 रन बनाए। दोनों ने मिलकर भारत को 253 के स्कोर तक पहुंचने में मदद की। जसप्रीत बुमराह गेंद से सबसे असरदार साबित हुए, उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 33 रन देकर एक विकेट लिया।