Sachin Tendulkar Son Engagement: अर्जुन तेंदुलकर ने रचाई सगाई, मुंबई के प्रतिष्ठित घराने की बेटी बनी दुल्हनिया
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ढेरों रन बनाने वाले सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर की सगाई हो गई है। अर्जुन तेंदुलकर की सगाई सानिया चंडोक से हुई है, जो रवि घई की पोती हैं। अर्जुन और सानिया की सगाई एक निजी समारोह में हुई। इस सगाई में दोनों परिवारों के करीबी सदस्य और दोस्त शामिल हुए। घई परिवार मुंबई का एक बड़ा और मशहूर कारोबारी परिवार है। वे इंटरकॉन्टिनेंटल मरीन ड्राइव होटल और ब्रुकलिन क्रीमरी (कम कैलोरी वाली आइसक्रीम ब्रांड) के मालिक हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 में अर्जुन तेंदुलकर का प्रदर्शन बेहद सीमित रहा क्योंकि उन्हें पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। मुंबई इंडियंस (एमआई) ने उन्हें मेगा नीलामी में 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर रिटेन किया, लेकिन टीम प्रबंधन ने उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया। इस वजह से उनके नाम कोई रन, विकेट या अन्य आंकड़े दर्ज नहीं हो सके और उनका पूरा सीजन बेंच पर ही बीता।
अर्जुन तेंदुलकर ने अब तक 17 प्रथम श्रेणी, 18 लिस्ट-ए और 24 टी20 मैच खेले हैं। प्रथम श्रेणी मैचों में अर्जुन ने 33.51 की औसत से 37 विकेट लिए हैं। वहीं उन्होंने 23.13 की औसत से 532 रन बनाए हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट में अर्जुन के नाम 25 विकेट (31.2 की औसत) और 102 रन (17 की औसत) दर्ज हैं।
अर्जुन तेंदुलकर का आईपीएल रिकॉर्ड कैसा है?
टी20 क्रिकेट में 25 वर्षीय अर्जुन तेंदुलकर ने 25.07 की औसत से 27 विकेट लिए हैं। उन्होंने 13.22 की औसत से 119 रन भी बनाए हैं। अर्जुन घरेलू क्रिकेट में गोवा की टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले वह मुंबई के लिए खेलते थे। देखा जाए तो अर्जुन ने अब तक आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए 5 मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम 3 विकेट और 13 रन हैं।
सचिन तेंदुलकर की शादी 24 मई 1995 को अंजलि तेंदुलकर से हुई थी। अंजलि अपने पति सचिन तेंदुलकर से छह साल बड़ी हैं। अंजलि पेशे से बाल रोग विशेषज्ञ रही हैं। सचिन-अंजलि की लाडली बेटी सारा तेंदुलकर का जन्म 12 अक्टूबर 1997 को हुआ था। फिर 24 सितंबर 1999 को दोनों ने अपने बेटे अर्जुन तेंदुलकर का इस दुनिया में स्वागत किया।