IPL विवाद में फंसे राजस्थान रॉयल्स कप्तान रियान पराग, वीडियो में देंखे ड्रेसिंग रूम क्लिप वायरल
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग एक विवाद के केंद्र में आ गए हैं। मंगलवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें वह ड्रेसिंग रूम में कथित तौर पर ई-सिगरेट का उपयोग करते नजर आ रहे हैं।
लाइव ब्रॉडकास्ट की इस क्लिप में 16वें ओवर के दौरान ड्रेसिंग रूम का दृश्य दिखाया गया है, जिसमें रियान पराग को ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल की मौजूदगी में ई-सिगरेट पीते हुए देखा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया है और इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
ई-सिगरेट के उपयोग को लेकर यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि भारत सरकार ने ई-सिगरेट निषेध अधिनियम के तहत वेप्स और ई-सिगरेट के उत्पादन, बिक्री, आयात और विज्ञापन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया हुआ है। इस कानून के उल्लंघन पर जुर्माना और जेल तक की सजा का प्रावधान है।
ऐसे में एक पेशेवर क्रिकेटर और टीम कप्तान का सार्वजनिक मंच या कैमरे की निगरानी में इस तरह के उत्पाद का कथित उपयोग करना सवालों के घेरे में आ गया है। खेल विशेषज्ञों का कहना है कि यह न केवल कानून से जुड़ा मामला है, बल्कि खिलाड़ियों के आचरण और खेल की मर्यादा से भी जुड़ा हुआ विषय है।
फिलहाल राजस्थान रॉयल्स या रियान पराग की ओर से इस वायरल वीडियो को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि सोशल मीडिया पर फैंस और क्रिकेट प्रेमियों के बीच इस मुद्दे पर बहस तेज हो गई है।
कई लोग इसे व्यक्तिगत मामला बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे पेशेवर खिलाड़ी के लिए अनुचित व्यवहार मान रहे हैं। वहीं, क्रिकेट प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की ओर से भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
इस घटना के बाद एक बार फिर खिलाड़ियों के मैदान के बाहर के व्यवहार और उनकी जिम्मेदारी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। आने वाले समय में इस मामले पर टीम या लीग की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।