×

टी20 का नया 'सिक्सर किंग' बनने की तैयारी! अफ़ग़ानी गेंदबाजों के बहाने पाकिस्तानी ओपनर को मात देंगे अभिषेक शर्मा

 

भारत ने पहले T20I में अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराकर सीरीज में शानदार शुरुआत की थी। अब टीम श्रेयस अय्यर की अगुवाई में आज नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दूसरा मुकाबला खेलने उतरेगी। टीम इंडिया की नजर जहां सीरीज अपने नाम करने पर होगी, वहीं फैंस की निगाहें एक बार फिर अभिषेक शर्मा पर टिकी होंगी।

पहले मैच में अभिषेक ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से अफगानिस्तान के गेंदबाजों की जमकर खबर ली थी। उन्होंने महज 32 गेंदों पर 7 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 82 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। अब फैंस को उम्मीद है कि 'मिस्टर सुनामी' दूसरे मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही धमाका करेंगे।

अभिषेक शर्मा और साहिबजादा फरहान के बीच खास रेस

अभिषेक शर्मा के लिए आज का मुकाबला एक और वजह से खास हो सकता है। दरअसल, टी20 क्रिकेट में पिछले कुछ समय के आंकड़ों में उनकी तुलना पाकिस्तान के बल्लेबाज साहिबजादा फरहान से की जा रही है।

6 जुलाई 2024 के बाद से दुनिया में टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में अभिषेक शर्मा और साहिबजादा फरहान दोनों का नाम ऊपर है। इस अवधि में दोनों खिलाड़ियों ने 6-6 प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीते हैं और संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।

वहीं जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा 5 अवॉर्ड के साथ उनके पीछे हैं। ऐसे में अगर अभिषेक आज अफगानिस्तान के खिलाफ एक और मैच जिताऊ पारी खेलते हैं और प्लेयर ऑफ द मैच बनते हैं, तो वह इस रेस में साहिबजादा फरहान को पीछे छोड़ सकते हैं।

वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा मौका?

दूसरे T20I से पहले फैंस के बीच एक और बड़ा सवाल है कि वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलेगा या नहीं। पहले मुकाबले में उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया था। ऐसे में आज सभी की नजर टीम मैनेजमेंट के फैसले पर होगी।

अगर वैभव को मौका मिलता है तो युवा बल्लेबाज के लिए यह खुद को साबित करने का बड़ा मंच होगा।

रोहित शर्मा का रिकॉर्ड भी अभिषेक के निशाने पर

अभिषेक शर्मा आज अपनी बल्लेबाजी के दौरान एक खास रिकॉर्ड की बराबरी या उसे अपने नाम करने की कोशिश कर सकते हैं। मामला T20I के पहले ओवर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने से जुड़ा है।

अभिषेक और पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने T20I में पहले ओवर के दौरान अब तक 12-12 छक्के लगाए हैं। यानी अभिषेक के पास आज रोहित को पीछे छोड़ने का मौका है।

खास बात यह है कि रोहित ने ये 12 छक्के पहले ओवर में 401 गेंदें खेलने के बाद लगाए थे, जबकि अभिषेक ने महज 152 गेंदों में 12 छक्के जड़ दिए हैं। अगर आज अभिषेक पहले ओवर में एक और छक्का लगाने में सफल रहते हैं तो वह रोहित शर्मा को पीछे छोड़कर इस मामले में नया रिकॉर्ड बना सकते हैं।

ईशान और संजू भी इस लिस्ट में

पहले ओवर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में ईशान किशन 8 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। वहीं संजू सैमसन ने पहले ओवर में 7 छक्के लगाए हैं।

अब देखना दिलचस्प होगा कि अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे T20I में अभिषेक शर्मा अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से एक बार फिर फैंस का दिल जीत पाते हैं या नहीं। भारत के पास सीरीज जीतने का मौका है और अभिषेक के पास एक साथ कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने का।