×

इंदौर में भारत-वेस्टइंडीज T20 की तैयारियां तेज: चेक्स पैटर्न में सजेगी आउटफील्ड, 25 सितंबर से मिलेंगे जनरल टिकट!

 

इंदौर के होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले की तैयारियां तेज हो गई हैं। मैच के लिए मैदान को सजाने-संवारने का काम चल रहा है। इस बार टीवी प्रसारण और स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को अलग नजारा देखने को मिलेगा, क्योंकि आउटफील्ड की घास पर चौकड़ी यानी ‘चेक्स’ पैटर्न तैयार किया जाएगा।मैच को लेकर दर्शकों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मंगलवार को स्टूडेंट कन्सेशन टिकटों की बुकिंग शुरू होते ही करीब 1200 छात्रों का रजिस्ट्रेशन कुछ ही मिनटों में पूरा हो गया। अब दस्तावेजों की जांच के बाद छात्रों को टिकट दिए जाएंगे।

25 सितंबर से शुरू होगी सामान्य टिकटों की बिक्री

अगर आप भी भारत-वेस्टइंडीज का मुकाबला स्टेडियम में बैठकर देखना चाहते हैं तो आपके लिए जरूरी तारीख 25 सितंबर है। सामान्य श्रेणी के टिकटों की ऑनलाइन बिक्री सुबह 6 बजे से शुरू होगी।

होलकर स्टेडियम में टिकट की शुरुआती कीमत 1000 रुपए रखी गई है। वहीं पैवेलियन टिकट की कीमत 12,500 रुपए बताई गई है। बाकी कैटेगरी के टिकटों की कीमत मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन यानी MPCA की ओर से जारी की जाएगी।

11 अक्टूबर को शाम 7 बजे होगा मुकाबला

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज 6 अक्टूबर से शुरू होगी। सीरीज का पहला मुकाबला लखनऊ में 6 अक्टूबर, दूसरा रांची में 9 अक्टूबर और तीसरा मुकाबला 11 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में शाम 7 बजे खेला जाएगा।

इसके बाद सीरीज के आखिरी दो मैच हैदराबाद और बेंगलुरु में खेले जाएंगे।

होलकर में भारत का T20 रिकॉर्ड

होलकर स्टेडियम में अब तक 4 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। इनमें भारत ने 3 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि एक मैच में उसे हार मिली है। यानी इस मैदान पर भारत का जीत प्रतिशत 75% रहा है।

11 अक्टूबर का भारत-वेस्टइंडीज मुकाबला होलकर स्टेडियम का पांचवां टी-20 इंटरनेशनल मैच होगा।

होलकर में भारत के पुराने मुकाबले

22 दिसंबर 2017 को होलकर में भारत और श्रीलंका के बीच पहला टी-20 इंटरनेशनल खेला गया था। भारत ने रोहित शर्मा के तूफानी 118 रन और केएल राहुल की 89 रन की पारी की बदौलत 260 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका 172 रन पर ऑलआउट हो गया और भारत ने 88 रन से मैच जीत लिया।

इसके बाद 7 जनवरी 2020 को भारत ने श्रीलंका को 7 विकेट से हराया। श्रीलंका ने 142 रन बनाए थे, जिसे भारत ने 17.3 ओवर में हासिल कर लिया।4 अक्टूबर 2022 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत को हार का सामना करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका ने 227 रन बनाए और राइली रुसो ने शानदार शतक लगाया। जवाब में भारतीय टीम 178 रन पर ऑलआउट हो गई और दक्षिण अफ्रीका ने 49 रन से मुकाबला जीत लिया।

वहीं 14 जनवरी 2024 को भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ होलकर में 6 विकेट से जीत दर्ज की। अफगानिस्तान के 172 रन के जवाब में यशस्वी जायसवाल ने 68 और शिवम दुबे ने नाबाद 63 रन बनाए।अब इंदौर के क्रिकेट फैंस की नजरें 11 अक्टूबर पर हैं, जब होलकर स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज की टी-20 टक्कर देखने को मिलेगी।