हॉन्गकॉन्ग सिक्सेस में पाकिस्तान ने भारत को 4 विकेट से हराया, वीडियो में जाने 13 गेंद बाकी रहते जीता मैच; अब्बास अफरीदी ने 8 गेंदों पर ठोके 35 रन
हॉन्गकॉन्ग इंटरनेशनल सिक्सेस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को ग्रुप-C के मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 4 विकेट से हरा दिया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 88 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 3.5 ओवर में 2 विकेट खोकर 91 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।पाकिस्तान ने 89 रन का लक्ष्य 13 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया। टीम की जीत में अब्बास अफरीदी और ख्वाजा नफे ने अहम भूमिका निभाई। दोनों बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया और मैदान के चारों तरफ बड़े शॉट लगाए।
अब्बास अफरीदी ने 8 गेंदों पर बनाए 35 रन
पाकिस्तान की जीत के सबसे बड़े हीरो अब्बास अफरीदी रहे। उन्होंने महज 8 गेंदों का सामना करते हुए 35 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी के सामने भारतीय गेंदबाज बेबस नजर आए। शानदार प्रदर्शन के लिए अब्बास अफरीदी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।वहीं ख्वाजा नफे ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 12 गेंदों पर 41 रन ठोक दिए। नफे की इस पारी ने पाकिस्तान की जीत को बेहद आसान बना दिया। दोनों बल्लेबाजों के बीच तेज रन बनाने की होड़ देखने को मिली और पाकिस्तान ने लक्ष्य बेहद कम समय में हासिल कर लिया।
भारत की शुरुआत रही खराब
इससे पहले टॉस के बाद बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। राहुल त्रिपाठी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। उन्होंने 5 गेंदों पर 9 रन बनाए और पवेलियन लौट गए।इसके बाद नीतीश राणा ने पारी को संभालने की कोशिश की। उन्होंने 14 गेंदों पर 19 रन बनाए, लेकिन बाद में रिटायर्ड आउट होकर मैदान से वापस चले गए। भारतीय टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने के लिए तेज बल्लेबाजी की जरूरत थी।
शशांक सिंह ने 11 गेंदों पर ठोके 40 रन
भारतीय पारी में शशांक सिंह ने आते ही आक्रामक बल्लेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने पाकिस्तानी गेंदबाजों के खिलाफ तेजी से रन बनाए और महज 11 गेंदों पर 40 रन की शानदार पारी खेली।शशांक की पारी में 2 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उनकी बल्लेबाजी ने भारतीय स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया। हालांकि, बाकी बल्लेबाजों से पर्याप्त सहयोग नहीं मिलने के कारण भारतीय टीम 6 ओवर में 5 विकेट पर 88 रन ही बना सकी।
पाकिस्तान ने बल्लेबाजी से पलटा मैच
89 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। अब्बास अफरीदी और ख्वाजा नफे की तूफानी पारियों ने भारतीय टीम को वापसी का मौका नहीं दिया।पाकिस्तान ने 3.5 ओवर में ही 91 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। इस तरह हॉन्गकॉन्ग इंटरनेशनल सिक्सेस टूर्नामेंट में भारत को पाकिस्तान के खिलाफ हार झेलनी पड़ी। भारतीय टीम के लिए शशांक सिंह की विस्फोटक पारी भी जीत दिलाने के लिए काफी नहीं रही।