IND vs WI: इंदौर की गर्मी से निपटेगी विंडीज टीम! भारत से भिड़ंत से पहले मांगी नारियल पानी की एक्स्ट्रा सप्लाई
इंदौर के होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी20 मुकाबले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मैच से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों की फिटनेस, डाइट, हाइड्रेशन और रिकवरी का खास ध्यान रखा जा रहा है।इसी बीच वेस्टइंडीज टीम की एक खास डिमांड सामने आई है। टीम ने इंदौर में खिलाड़ियों के लिए एक्स्ट्रा नारियल पानी उपलब्ध कराने को कहा है।
वेस्टइंडीज टीम के मैनेजर ने मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन यानी MPCA से फोन पर अतिरिक्त नारियल पानी की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। MPCA के CEO रोहित पंडित के मुताबिक, खिलाड़ियों के लिए सामान्य तौर पर नारियल पानी की व्यवस्था रहती है, लेकिन इस बार वेस्टइंडीज टीम ने इसकी अतिरिक्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है।
गर्मी और हाइड्रेशन पर खास फोकस
दरअसल, इंदौर में बारिश के बाद अब तापमान बढ़ने लगा है और गर्मी के साथ ड्राई हीट का असर भी महसूस किया जा रहा है। ऐसे मौसम में खिलाड़ियों के लिए हाइड्रेशन बेहद जरूरी हो जाता है।टी20 मैच के दौरान खिलाड़ियों को लगातार दौड़ना, फील्डिंग, बल्लेबाजी और गेंदबाजी करनी पड़ती है। ऐसे में शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी न हो, इसके लिए टीम मैनेजमेंट खास इंतजाम कर रहा है।नारियल पानी को इसी वजह से खिलाड़ियों के लिए उपयोगी माना जा रहा है और वेस्टइंडीज टीम चाहती है कि खिलाड़ियों को जरूरत के समय यह आसानी से उपलब्ध हो।
खिलाड़ियों की डाइट में वेजिटेरियन विकल्प भी ज्यादा
मैच को लेकर सिर्फ हाइड्रेशन ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के खान-पान पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है।दोनों टीमों की पसंद और खिलाड़ियों की जरूरत के मुताबिक मेन्यू तैयार किया जा रहा है। इसमें वेजिटेरियन विकल्पों को भी ज्यादा जगह दी जा रही है।मैच और प्रैक्टिस के दौरान खिलाड़ियों की एनर्जी बनी रहे और मुकाबले के बाद शरीर जल्दी रिकवर कर सके, इसे ध्यान में रखकर डाइट प्लान तैयार किया जा रहा है।
रिकवरी के लिए आइसबाथ की भी व्यवस्था
टी20 क्रिकेट में खिलाड़ियों पर काफी शारीरिक दबाव रहता है। लगातार मैच और अभ्यास के बाद मांसपेशियों की रिकवरी के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं।इसी के तहत खिलाड़ियों के लिए आइसबाथ टब की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि मैच और प्रैक्टिस सेशन के बाद खिलाड़ी तेजी से रिकवर कर सकें।
टीम इंडिया रेडिसन और वेस्टइंडीज मैरियट में ठहरेगी
इंदौर पहुंचने के बाद भारतीय टीम के ठहरने की व्यवस्था रेडिसन होटल में की गई है, जबकि वेस्टइंडीज टीम मैरियट होटल में रुकेगी।दोनों टीमों के पहुंचने से पहले होटल, ट्रांसपोर्ट, प्रैक्टिस, सुरक्षा और खिलाड़ियों की सुविधाओं से जुड़े इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पिच भी आधुनिक तकनीक से तैयार हो रही
इस मुकाबले के लिए होलकर स्टेडियम की पिच पर भी खास तैयारी की जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, पहली बार यहां 200, 500 और 750 किलोग्राम वजन वाले आधुनिक रोलर इस्तेमाल किए जा रहे हैं।ये रोलर चेन्नई से इंदौर लाए गए हैं और पुराने मैनुअल रोलर की तुलना में ज्यादा बड़े हैं। पिच की तैयारी में इनका इस्तेमाल आधुनिक तकनीक और रिसर्च के आधार पर किया जा रहा है।अब सबकी नजर 11 अक्टूबर के मुकाबले पर है, जहां भारत और वेस्टइंडीज की टीमें होलकर स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। मैच से पहले जहां खिलाड़ी अपनी फिटनेस पर फोकस कर रहे हैं, वहीं इंदौर में आयोजन को लेकर तैयारियां भी लगभग अंतिम दौर में पहुंच गई हैं।