IND vs PAK: टीम इंडिया के 5 स्टार खिलाड़ियों ने पाकिस्तान क घमंड को किया चकनाचूर, फैंस कर रहे हैं जमकर तारीफ
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ एक और यादगार जीत दर्ज कर भारत ने सुपर-8 में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है. इस महामुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हरा दिया. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस हाईवोल्टेज मैच में कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया. इस मैच में भारत का प्रदर्शन शुरू से ही संतुलित और आत्मविश्वास से भरा नजर आया.
ईशान किशन की धमाकेदार शुरुआत
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 175 रन बोर्ड पर लगाए. यह स्कोर टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी था. शुरुआत में टीम को झटका जरूर लगा, लेकिन इसके बाद ओपनर इशान किशन ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से मैच का रुख बदल दिया. उन्होंने तेज रन गति बरकरार रखते हुए 40 गेंदों में 77 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाए और पाकिस्तान के गेंदबाजों को दबाव में रखा.
सूर्यकुमार यादव की जुझारू पारी
ईशान के आउट होने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभाला. उन्होंने बीच के ओवरों में समझदारी से बल्लेबाजी की और तिलक वर्मा के साथ साझेदारी कर टीम को 170 के पार पहुंचाया। सूर्य ने 29 गेंदों में 32 रनों की पारी खेली, जो टीम के लिए काफी अहम साबित हुई।
हार्दिक ने गेंद से दिखाया दम
175 रनों के लक्ष्य का बचाव करने उतरी भारतीय टीम को गेंदबाजों ने शानदार शुरुआत दी. हार्दिक पंड्या ने अपने पहले ही ओवर में पाकिस्तान के ओपनर को आउट कर टीम को शुरुआती सफलता दिलाई. उन्होंने 3 ओवर में सिर्फ 16 रन देकर 2 विकेट लिए और बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया.
बुमरा का घातक स्पैल
इसके बाद तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अपने स्पेल में सैम अयूब और सलमान अली आगा के रूप में लगातार दो विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी को बैकफुट पर धकेल दिया. उनके प्रदर्शन ने पाकिस्तान की रन गति पर ब्रेक लगा दिया.
अक्षर की फिरकी ने उम्मीदें खत्म कर दीं
बीच के ओवरों में स्पिनर अक्षर पटेल ने भी कमाल किया. उन्होंने पाकिस्तान के प्रमुख बल्लेबाजों को आउट कर मैच पर भारत की पकड़ मजबूत कर दी. इसके अलावा वरुण चक्रवर्ती ने भी एक ही ओवर में दो विकेट लिए और मैच पूरी तरह से भारत की झोली में डाल दिया. भारतीय गेंदबाजों के सामने पाकिस्तान की पूरी टीम 114 रनों पर सिमट गई. इस जीत से भारत ने न सिर्फ अपने ग्रुप में बढ़त बना ली बल्कि सुपर-8 में पहुंचने की राह भी आसान कर ली. अब टीम इंडिया का अगला मैच 18 फरवरी को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नीदरलैंड के खिलाफ खेला जाएगा.