IND vs NZ: रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर क्या बोले न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर?
भारतीय क्रिकेट टीम का इस साल न्यूजीलैंड दौरा अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। न्यूजीलैंड की जमीन पर होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज के साथ ही भारत के लिए 2027 वर्ल्ड कप का काउंटडाउन भी शुरू हो जाएगा। इस सीरीज में सभी की नजरें अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली पर रहेंगी।
बीसीसीआई की ओर से रोहित शर्मा को लेकर स्थिति साफ किए जाने के बाद भारतीय फैंस को उम्मीद है कि रोहित और विराट दोनों न्यूजीलैंड के खिलाफ बल्ले से दमदार प्रदर्शन करेंगे। हालांकि, न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर भारतीय दिग्गजों को लेकर किसी तरह की ढील देने के मूड में नहीं हैं।
रोहित-विराट को लेकर क्या बोले सेंटनर?
मिचेल सेंटनर ने माना कि रोहित शर्मा और विराट कोहली के खिलाफ खेलना न्यूजीलैंड के लिए बड़ी चुनौती होगी। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ी लंबे समय से शानदार प्रदर्शन करते आए हैं और वनडे क्रिकेट के माहिर माने जाते हैं।
सेंटनर के मुताबिक, रोहित और विराट पहले भी न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं और वहां की कुछ पिचों पर उनका रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा है। हालांकि, न्यूजीलैंड के कप्तान को उम्मीद है कि इस बार परिस्थितियां भारत के इन दोनों अनुभवी बल्लेबाजों के पक्ष में नहीं जाएंगी।
सेंटनर ने कहा कि न्यूजीलैंड का पहला लक्ष्य अपने घर में भारत के खिलाफ वनडे सीरीज जीतना होगा। इसके बाद ही टीम अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप के लिए अपने संयोजन और तैयारियों पर ध्यान देगी।
भारतीय युवाओं के लिए आसान नहीं होगी चुनौती
सेंटनर ने भारत की टेस्ट टीम में हो रहे बदलावों पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने 2024 के भारत दौरे को याद किया, जब न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम को उसकी ही जमीन पर टेस्ट सीरीज में 3-0 से हराकर इतिहास रचा था। इस हार के साथ भारत का घरेलू मैदान पर लंबे समय से चला आ रहा टेस्ट वर्चस्व भी खत्म हुआ था।
न्यूजीलैंड के कप्तान का मानना है कि भारतीय टीम में शामिल नए खिलाड़ियों के लिए न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में टेस्ट क्रिकेट खेलना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। खासतौर पर वे खिलाड़ी जो पहली बार न्यूजीलैंड में लाल गेंद से क्रिकेट खेलेंगे, उन्हें परिस्थितियों के साथ जल्दी तालमेल बिठाना होगा।
सेंटनर ने कहा कि न्यूजीलैंड की पिचों पर गेंद भारत की तुलना में ज्यादा मूव कर सकती है। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए स्थानीय परिस्थितियों को समझना महत्वपूर्ण होगा।
भारत की मौजूदा टेस्ट टीम को बताया संतुलित
चुनौती की बात करने के बावजूद सेंटनर ने भारतीय टेस्ट टीम को काफी मजबूत और संतुलित बताया। उन्होंने कहा कि टीम में तेज गेंदबाजी और स्पिन दोनों विभागों में अच्छे विकल्प मौजूद हैं।
भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज जैसे अनुभवी गेंदबाज हैं, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा उछाल वाली परिस्थितियों में उपयोगी साबित हो सकते हैं। स्पिन विभाग में रवींद्र जडेजा और मानव सुथार जैसे विकल्प मौजूद हैं।
सेंटनर के मुताबिक, भारत की टीम अच्छी तरह आकार ले रही है और न्यूजीलैंड में साल के उस समय परिस्थितियां तेज गेंदबाजों को कुछ मदद दे सकती हैं। ऐसे में दोनों टीमों के बीच मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।
भारत-न्यूजीलैंड के बीच सिर्फ दो टेस्ट क्यों?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच आगामी दौरे पर सिर्फ दो टेस्ट मैच रखे जाने को लेकर भी सेंटनर से सवाल किया गया। उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड लंबे समय से छोटी टेस्ट सीरीज खेलने का आदी रहा है।
उन्होंने कहा कि टेस्ट क्रिकेट आयोजित करने में काफी खर्च आता है और इसके लिए लंबा समय भी चाहिए होता है। दूसरी तरफ सीमित ओवरों के मुकाबलों में दर्शकों की ज्यादा दिलचस्पी होती है और उनसे बेहतर कमाई होती है। इसी वजह से भारत के खिलाफ दौरे में पांच टी20, पांच वनडे और दो टेस्ट का कार्यक्रम रखा गया है।
हालांकि, सेंटनर ने साफ किया कि भारत के खिलाफ दो टेस्ट की सीरीज भी न्यूजीलैंड के लिए किसी बड़े अवसर से कम नहीं होगी।
कब शुरू होगा भारत का न्यूजीलैंड दौरा?
भारतीय टीम का न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर 2026 से 1 दिसंबर 2026 तक चलेगा। करीब 40 दिनों के इस दौरे पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे।
दौरे की शुरुआत पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज से होगी। इसके बाद पांच वनडे और अंत में दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे।
टी20 इंटरनेशनल सीरीज: 22 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026
वनडे सीरीज: 4 नवंबर से 15 नवंबर 2026
टेस्ट सीरीज: 19 नवंबर से 1 दिसंबर 2026
टेस्ट मैचों का शेड्यूल
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे।
- पहला टेस्ट: 19 से 23 नवंबर 2026, बेसिन रिजर्व, वेलिंगटन
- दूसरा टेस्ट: 27 नवंबर से 1 दिसंबर 2026, हैगले ओवल, क्राइस्टचर्च
भारत में कितने बजे देख पाएंगे मुकाबले?
न्यूजीलैंड और भारत के समय में अंतर होने के कारण वहां होने वाले मुकाबले भारतीय दर्शकों को अलग-अलग समय पर देखने को मिलेंगे।
- T20I: भारतीय समयानुसार दोपहर 12:30 बजे से
- ODI: भारतीय समयानुसार सुबह 7:30 बजे से
- टेस्ट: भारतीय समयानुसार तड़के 3:30 बजे से
भारत A टीम भी करेगी तैयारी
सीनियर टीम की टेस्ट सीरीज से पहले भारत A टीम को भी न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में खेलने का मौका मिलेगा। भारत A, न्यूजीलैंड A के खिलाफ तीन चार दिवसीय प्रथम श्रेणी मुकाबले खेलेगी।
इस दौरे का मकसद युवा और उभरते खिलाड़ियों को न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में खेलने का अनुभव देना होगा, ताकि टेस्ट सीरीज से पहले उन्हें वहां की पिच, मौसम और गेंद के मूवमेंट के मुताबिक खुद को ढालने का पर्याप्त मौका मिल सके।