पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हरा दिया है. चेपॉक स्टेडियम में खेले गए इस मैच में सीएसके की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रन बनाए. जवाब में पंजाब ने 19वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर लगातार दूसरी जीत दर्ज की. पंजाब के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने 50 रन की मैच जिताऊ पारी खेली.
टॉस हारकर चेन्नई सुपर किंग्स को पहले बल्लेबाजी का न्योता मिला. आयुष म्हात्रे ने 73 रन बनाए, जबकि सरफराज खान ने 32 रन की कैमियो पारी खेलकर तूफानी अंदाज में खेल खत्म किया. शिवम दुबे 45 रन बनाकर नाबाद लौटे. उनकी बदौलत चेन्नई की टीम 209 रन बनाने में सफल रही.
पंजाब की दूसरी जीत
प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने पंजाब किंग्स को तेज और शानदार शुरुआत दी. दोनों ने मिलकर महज 4.2 ओवर में 61 रन बना डाले थे. प्रियांश ने 11 गेंदों में 39 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि प्रभसिमरन ने संयमित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 43 रन बनाए थे, लेकिन दुर्भाग्यवश रन आउट हो गए।
इसी बीच कूपर कोनोली आए और 22 गेंदों में 36 रन बनाए और स्कोरबोर्ड को तेजी से आगे बढ़ाया. लेकिन सबसे बड़ा फर्क कप्तान श्रेयस अय्यर ने डाला. आखिरी 10 ओवर में पंजाब को जीत के लिए 107 रन बनाने थे, लेकिन यहां से कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉप गियर लगाया और विस्फोटक अंदाज में मीन शॉट्स लगाए. उन्होंने 29 गेंदों में 50 रन की पारी खेलते हुए 4 चौके और 3 छक्के लगाए.
धोनी के बिना सीएसके ढह गई
राजस्थान के बाद एमएस धोनी पंजाब के खिलाफ मैच में भी नहीं खेले क्योंकि वह चोटिल हैं. धोनी के बिना चेन्नई सुपर किंग्स की यह लगातार दूसरी हार है. इससे पहले राजस्थान रॉयल्स ने सीएसके को 8 विकेट से हराया था. अब पंजाब ने चेन्नई को 5 विकेट से हरा दिया है. चेन्नई फिलहाल प्वाइंट टेबल में सबसे निचले स्थान पर है.