बाउंड्री पार गेंदें और टूटते रिकॉर्ड्स: जब अभिषेक शर्मा ने खेली टी20 इतिहास की सबसे बड़ी पारी
टी20 क्रिकेट को अक्सर बल्लेबाजों के लिए सबसे ज्यादा रोमांचक और आक्रामक फॉर्मेट माना जाता है. मौजूदा दौर में फ्लैट पिचों पर बल्लेबाज शुरुआत से ही बड़े शॉट लगाने की कोशिश करते हैं. यही वजह है कि साल 2026 में अब तक तीन अलग-अलग बल्लेबाज टी20 इंटरनेशनल में 150 या उससे ज्यादा रन की पारियां खेल चुके हैं.
अगर वनडे क्रिकेट की बात करें, तो एक समय 200 रन का आंकड़ा छूना बल्लेबाजों के लिए लगभग नामुमकिन माना जाता था. लेकिन साल 2010 में पहली बार वनडे में दोहरा शतक बनने के बाद अब तक 10 बल्लेबाज यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं.
वहीं, टी20 इंटरनेशनल में किसी एक बल्लेबाज का 150 रन तक पहुंचना आज भी बेहद मुश्किल उपलब्धि है. आखिर एक टीम को पूरी पारी में सिर्फ 120 गेंदें मिलती हैं और ऐसे में किसी बल्लेबाज का अकेले 150 रन बना देना आसान नहीं होता. इसके बावजूद इंटरनेशनल टी20 क्रिकेट में अब तक 8 बार बल्लेबाज 150 या उससे ज्यादा रन की पारी खेल चुके हैं.
हालांकि, ICC के फुल मेंबर देशों के सिर्फ दो बल्लेबाज ही टी20 इंटरनेशनल में 150 से ज्यादा रन बनाने में सफल रहे हैं और इनमें कोई भारतीय बल्लेबाज शामिल नहीं है. भारत की तरफ से टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम है.
भारत के लिए T20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ा स्कोर
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में किसी भारतीय बल्लेबाज की सबसे बड़ी पारी अभिषेक शर्मा के नाम दर्ज है. उन्होंने यह रिकॉर्ड फरवरी 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के पांचवें मुकाबले में बनाया था.
अभिषेक ने उस मैच में महज 54 गेंदों पर 135 रन की विस्फोटक पारी खेली थी. उनकी इस पारी में 13 छक्के और 7 चौके शामिल थे. यानी सिर्फ बाउंड्री के जरिए ही उन्होंने 106 रन बना दिए थे.
इस मुकाबले में अभिषेक ने महज 37 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था. इसके साथ ही उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में भारत की ओर से दूसरा सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया.
भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारियां इस प्रकार हैं:
- 135 रन – अभिषेक शर्मा
- 126 रन – शुभमन गिल
- 123 रन – ऋतुराज गायकवाड़
भारत के 6 बल्लेबाज बना चुके हैं 120+ रन
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक भारत के छह बल्लेबाज एक पारी में 120 या उससे ज्यादा रन बना चुके हैं. अभिषेक शर्मा के अलावा इस सूची में शुभमन गिल और ऋतुराज गायकवाड़ भी शामिल हैं.
इनके अलावा विराट कोहली ने 122 रन, रोहित शर्मा ने 121 रन और तिलक वर्मा ने 120 रन की पारी खेली है.
इस आंकड़े से अंदाजा लगाया जा सकता है कि टी20 क्रिकेट में शतक बनाना ही कितना मुश्किल है और 120 से ऊपर पहुंचना उससे भी बड़ी उपलब्धि है. वहीं 150 रन का आंकड़ा पार करना तो अब भी बेहद दुर्लभ कारनामा है.