×

IPL में बड़ा उलटफेर! ऋषभ पंत ने छोड़ी LSG की कप्तानी, वीडियो में जाने अब हार्दिक पंड्या भी मुंबई इंडियंस से कर सकते हैं विदाई

 

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अगले सीजन से पहले बड़े बदलावों की चर्चा तेज हो गई है। एक ओर जहां ऋषभ पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की कप्तानी छोड़ दी है, वहीं दूसरी ओर हार्दिक पंड्या के भी मुंबई इंडियंस (MI) से अलग होने की खबरें सामने आ रही हैं। दोनों घटनाक्रमों ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/5MQSZd8G2fw?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/5MQSZd8G2fw/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

ऋषभ पंत ने छोड़ी लखनऊ की कमान

लखनऊ सुपर जायंट्स फ्रेंचाइजी ने पुष्टि की है कि कप्तान ऋषभ पंत ने खुद टीम प्रबंधन से कप्तानी छोड़ने का अनुरोध किया था। फ्रेंचाइजी ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है। हालांकि पंत ने कप्तानी छोड़ने के पीछे की वजह सार्वजनिक रूप से नहीं बताई है।

IPL के इस सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। टीम अंक तालिका में 10वें और अंतिम स्थान पर रही। पूरे टूर्नामेंट में टीम अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी, जिसके बाद कप्तानी में बदलाव की अटकलें लगाई जा रही थीं। अब पंत के फैसले ने इन चर्चाओं को सच साबित कर दिया है।

खराब प्रदर्शन के बाद आया फैसला

लखनऊ की टीम ने सीजन की शुरुआत अच्छे इरादों के साथ की थी, लेकिन लगातार हार और अस्थिर प्रदर्शन के कारण प्लेऑफ की दौड़ से काफी पहले बाहर हो गई। टीम के खराब नतीजों का दबाव कप्तान ऋषभ पंत पर भी देखने को मिला। माना जा रहा है कि इसी कारण उन्होंने नेतृत्व की जिम्मेदारी छोड़ने का फैसला लिया।

हार्दिक पंड्या के मुंबई छोड़ने की चर्चा तेज

इस बीच मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या को लेकर भी बड़ी खबर सामने आई है। न्यूज एजेंसी PTI ने IPL सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि हार्दिक पंड्या ने मुंबई इंडियंस प्रबंधन को टीम छोड़ने की इच्छा जता दी है।

रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई इंडियंस के प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होते ही पंड्या ने मैनेजमेंट को अपने फैसले की जानकारी दे दी थी। उन्होंने टीम के भीतर कुछ वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ मतभेद और लगातार बढ़ते तनाव को इसकी प्रमुख वजह बताया।

सीनियर खिलाड़ियों से मतभेद बने कारण!

सूत्रों के मुताबिक 32 वर्षीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने सीजन के बीच में ही टीम प्रबंधन को बताया था कि टीम के खराब प्रदर्शन और कुछ वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ मतभेदों के कारण वह मानसिक दबाव महसूस कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि ड्रेसिंग रूम का माहौल भी उनके लिए सहज नहीं था।

हालांकि मुंबई इंडियंस या हार्दिक पंड्या की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन रिपोर्ट सामने आने के बाद अटकलों का दौर शुरू हो गया है।

अगले सीजन से पहले बदल सकती हैं कई तस्वीरें

यदि हार्दिक पंड्या वास्तव में मुंबई इंडियंस से अलग होते हैं, तो यह IPL इतिहास के सबसे बड़े ट्रांसफर घटनाक्रमों में से एक माना जाएगा। वहीं ऋषभ पंत के कप्तानी छोड़ने के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स को भी नए कप्तान की तलाश करनी होगी।

IPL 2027 से पहले इन दोनों स्टार खिलाड़ियों को लेकर होने वाले फैसलों पर सभी क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें टिकी हुई हैं। आने वाले दिनों में फ्रेंचाइजियों की ओर से आधिकारिक घोषणाएं होने के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।