BCCI सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में बड़ा बदलाव, रोहित-कोहली ए+ से बी ग्रेड में, एक्सक्लूसिव वीडियो में देंखे नया ग्रेड मॉडल लागू
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 2025-26 सीजन के लिए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट खिलाड़ियों की नई सूची जारी करते हुए बड़ा फैसला लिया है। पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली को ए प्लस (A+) ग्रेड से डिमोट कर बी ग्रेड में शामिल कर दिया गया है। बोर्ड ने इस बार ए प्लस ग्रेड को पूरी तरह समाप्त कर दिया है, जिससे सीनियर खिलाड़ियों की ग्रेडिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।
पिछले साल तक रोहित शर्मा, विराट कोहली, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ए प्लस ग्रेड का हिस्सा थे। इस ग्रेड के खिलाड़ियों को सालाना 7 करोड़ रुपये की राशि मिलती थी। हालांकि, ताजा सूची में बुमराह और जडेजा को ग्रेड ए में बरकरार रखा गया है, जबकि रोहित और कोहली को सीधे बी ग्रेड में शिफ्ट कर दिया गया है। इस फैसले ने क्रिकेट फैंस और विशेषज्ञों के बीच चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है।
बीसीसीआई द्वारा जारी नई सूची में टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल को ग्रेड ए में शामिल रखा गया है। इससे साफ संकेत मिलता है कि बोर्ड युवा नेतृत्व पर भरोसा जता रहा है। वहीं, टी-20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव को बी ग्रेड में रखा गया है। उनके साथ कुल 10 अन्य खिलाड़ियों को भी इसी श्रेणी में जगह मिली है।
ग्रेड सी में युवा और उभरते खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। इस सूची में तिलक वर्मा, रिंकू सिंह समेत 17 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। बोर्ड ने कुल रिटेन खिलाड़ियों को तीन श्रेणियों—ए, बी और सी—में बांटा है। इस बार ग्रेडिंग सिस्टम को सरल रखने की कोशिश की गई है, लेकिन ए प्लस ग्रेड हटाए जाने से सैलरी और स्टेटस में अंतर स्पष्ट नजर आ रहा है।
हालांकि, बीसीसीआई ने अब तक नए ग्रेड मॉडल की सैलरी स्ट्रक्चर को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की है। कुछ दिनों पहले यह खबर सामने आई थी कि बोर्ड वेतन ढांचे में बदलाव कर सकता है, लेकिन फिलहाल केवल ग्रेड लिस्ट जारी की गई है। पिछले साल के हिसाब से ग्रेड ए खिलाड़ियों को 5 करोड़, ग्रेड बी को 3 करोड़ और ग्रेड सी खिलाड़ियों को 1 करोड़ रुपये सालाना मिलते थे।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला टीम के भविष्य और प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। बोर्ड युवा खिलाड़ियों को अधिक अवसर देने और टीम में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है। हालांकि, रोहित और कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ियों की ग्रेड में गिरावट को लेकर फैंस के बीच मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।