5 साल बाद धमाकेदार वापसी! टीम से 5 साल बाहर रहा यह धुरंधर, लौटते ही झटके 6 विकेट
भारतीय टीम में लंबे समय से वापसी का इंतजार कर रहे लेग स्पिनर राहुल चाहर ने इंग्लैंड की धरती पर अपनी गेंदबाजी का दम दिखाया है। काउंटी चैंपियनशिप में सरे की ओर से खेलते हुए राहुल ने एसेक्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया और अपनी फिरकी में विपक्षी टीम के 6 बल्लेबाजों को फंसा दिया।
सरे की टीम पहली पारी में महज 183 रन पर ऑलआउट हो गई थी, जिसके बाद टीम पर दबाव बढ़ गया था। ऐसे समय में राहुल चाहर ने गेंद संभाली और अपनी शानदार स्पिन से एसेक्स के बल्लेबाजों को परेशानी में डाल दिया।
22 ओवर में चटकाए 6 विकेट
राहुल चाहर ने अपनी स्पेल में 22 ओवर गेंदबाजी करते हुए 80 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अपना नौवां 5 विकेट हॉल पूरा किया।
यह उनके फर्स्ट क्लास करियर के सबसे बेहतरीन प्रदर्शनों में से एक है। राहुल की शानदार गेंदबाजी ने सरे को मुकाबले में वापसी की उम्मीद दिला दी और टीम की स्थिति को काफी हद तक संभाल लिया।
2021 के बाद टीम इंडिया में नहीं मिली जगह
राहुल चाहर ने भारत के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नवंबर 2021 में खेला था। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में नामीबिया के खिलाफ अपना आखिरी मैच खेला था। इसके बाद से वह लगातार भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं।
भारत के लिए राहुल ने अब तक 1 वनडे और 6 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। वनडे में उनके नाम 3 विकेट हैं, जबकि टी20 इंटरनेशनल में वह 7 विकेट हासिल कर चुके हैं।
घरेलू और फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी राहुल के पास अच्छा अनुभव है। वह अब तक 28 फर्स्ट क्लास और 61 लिस्ट-ए मुकाबले खेल चुके हैं।
सरे के साथ 8 मैचों का करार
राहुल चाहर इस काउंटी सीजन में सरे की टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने क्लब के साथ 8 मुकाबलों के लिए करार किया है।
इंग्लैंड की परिस्थितियों में उनका यह प्रदर्शन राहुल के लिए काफी अहम माना जा सकता है। काउंटी क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने से उन्हें दोबारा चयनकर्ताओं का ध्यान खींचने का मौका मिल सकता है।
राहुल चाहर की नजर अब इस प्रदर्शन को आगे भी जारी रखने और भारतीय टीम में वापसी के लिए अपना दावा मजबूत करने पर होगी।