☰
×

ऑकलैंड टी20 मैच का क्रेज: भारत-न्यूजीलैंड मुकाबले के सारे टिकट सोल्ड आउट, स्टेडियम में जुटेगी भारी भीड़

 

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का चौथा मुकाबला शुक्रवार को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा। इस मैच को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मुकाबले के सभी टिकट बिक चुके हैं और 40 हजार से ज्यादा दर्शकों के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है। न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, दर्शकों की इतनी बड़ी संख्या ईडन पार्क में किसी अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान तीसरी सबसे बड़ी भीड़ हो सकती है।भारतीय टीम सीरीज के शुरुआती तीनों मुकाबले जीतकर 3-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है। सीरीज के चार मैचों के टिकट बिक चुके हैं। इनमें शुरुआती दो मुकाबलों के साथ चौथा मैच और रविवार को हैमिल्टन में होने वाला पांचवां टी-20 भी शामिल है।

2019 का दर्शक रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद

न्यूजीलैंड क्रिकेट के अनुसार, चौथे टी-20 मुकाबले में 40 हजार से ज्यादा दर्शक पहुंच सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो न्यूजीलैंड में द्विपक्षीय सीरीज के किसी मुकाबले में दर्शकों की मौजूदगी का रिकॉर्ड टूट सकता है।इससे पहले 2019 में ईडन पार्क में भारत की पुरुष और महिला टीमों के डबल-हेडर मुकाबलों को देखने के लिए 36,523 दर्शक पहुंचे थे।न्यूजीलैंड क्रिकेट के चीफ मार्केटिंग एंड कमर्शियल ऑफिसर ग्लेन क्रिचली ने कहा कि ईडन पार्क में खचाखच भरे स्टेडियम के बीच मैच देखने का अनुभव बेहद खास होता है। उन्होंने बताया कि सीरीज को लेकर दर्शकों का उत्साह उम्मीद से ज्यादा है और चौथे टी-20 के सभी टिकट बिकना इसकी पुष्टि करता है।

ईडन पार्क में दो बार जुटी इससे बड़ी भीड़

ईडन पार्क में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के दौरान 40 हजार से ज्यादा दर्शकों की मौजूदगी का रिकॉर्ड इससे पहले दो बार दर्ज किया गया है।

2015 वनडे वर्ल्ड कप सेमीफाइनल: न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए इस मुकाबले को करीब 41 हजार दर्शकों ने देखा था। ग्रांट एलियट के शानदार छक्के की मदद से न्यूजीलैंड ने रोमांचक जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई थी।

1982 का वनडे मुकाबला: ऑस्ट्रेलिया के न्यूजीलैंड दौरे के पहले वनडे में करीब 42 हजार दर्शक पहुंचे थे। न्यूजीलैंड ने यह मुकाबला 46 रन से जीता था। उस टीम में रिचर्ड हैडली, जॉन राइट और मार्टिन क्रो जैसे खिलाड़ी शामिल थे।

भारत दौरे के लिए अब तक 1.26 लाख से ज्यादा टिकट बिके

न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, भारत के न्यूजीलैंड दौरे के लिए अब तक 1.26 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। इनमें से 71 हजार से अधिक टिकट पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए खरीदे गए हैं। इससे साफ है कि भारतीय टीम के मुकाबलों को लेकर न्यूजीलैंड में दर्शकों के बीच काफी उत्साह है।

तीसरे टी-20 में अभिषेक शर्मा ने जड़ा तूफानी शतक

सीरीज के तीसरे टी-20 मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराया था। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 199 रन का लक्ष्य दिया, जिसे भारतीय टीम ने 13.2 ओवर में हासिल कर लिया।

अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 38 गेंदों पर नाबाद 113 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 11 छक्के लगाए। अभिषेक ने वैभव सूर्यवंशी के साथ पहले विकेट के लिए 133 रन की साझेदारी करके भारतीय टीम की जीत की नींव रखी।

अब भारतीय टीम की नजर चौथा मुकाबला जीतकर सीरीज में अपनी बढ़त को 4-0 करने पर होगी, जबकि न्यूजीलैंड की टीम घरेलू मैदान पर वापसी करने की कोशिश करेगी।