CWG 2022 फाइनल में Team India को मिली हार, AUS ने जीता क्रिकेट का गोल्ड मेडल
क्रिकेट न्यूज़ डेस्क।। राष्ट्रमंडल खेलों में फाइनल मुकाबले के तहत भारतीय महिला क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा । हार के साथ ही भारत के खाते में सिल्वर मेडल ही आया, वहीं ऑस्ट्रेलिया गोल्ड मेडल पर कब्जा करने में सफल रही । दोनों टीमों के बीच फाइनल मैच बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेला गया, जहां ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 162 रनों का लक्ष्य रखा, इसके जवाब में भारत ने तीन गेंद शेष रहते हुए सभी विकेट खोकर सिर्फ 152 रन बनाए।
मुकाबले में लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही । टीम इंडिया ने तीन ओवर के अंदर ही दोनों ओपनर विकेट गंवा दिए थे।इसके बाद जेमिमा और हरमनप्रीत के बीच 71 गेंद में 96 रन की अहम साझेदारी हुई । एक वक्त में टीम इंडिया वापसी कर चुकी थी लेकिन जेमिमा 33 रन बनाकर आउट हो गईं।
टीम ने लगातार विकेट फिर गंवाए।इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर 65 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठी । भारतीय बैटर ने संघर्ष करते हुए मैच रोमांचक बनाया।टीम इंडिया को आखिरी ओवर में जीत के लिए 11 रन बनाने थे लेकिन टीम ऑलआउट हो गई । ऑस्ट्रेलिया के लिए एश गार्डनर ने तीन विकेट चटकाए, वहीं मेगन स्कट ने दो विकेट लिए। इसके अलावा डार्सी ब्राउन और जेस जोनासन ने 1-1 विकेट लिए।