Cricket Australia: 8 साल पुराने Sandpaper Gate विवाद पर फिर मचेगा घमासान, खिलाड़ियों को अपनी बात रखने के लिए बनेगा स्वतंत्र फोरम
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में 2018 का चर्चित सैंडपेपरगेट विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने इस मामले से जुड़े खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को अपनी बात रखने का मौका देने के लिए एक स्वतंत्र फोरम बनाने का फैसला किया है। CA के अंतरिम चेयरमैन डेविड बून और मुख्य कार्यकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के बीच तीसरे वनडे से करीब एक घंटे पहले इसकी घोषणा की।
डेविड बून ने स्पष्ट किया कि इस फोरम का उद्देश्य 2018 की घटना की दोबारा जांच करना नहीं है। इसके जरिए विवाद से जुड़े लोग अपने अनुभव और नजरिया साझा कर सकेंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का मानना है कि इससे ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को पुराने विवाद से आगे बढ़ने में मदद मिल सकती है।
उस्मान ख्वाजा की किताब से फिर चर्चा में आया मामला
सैंडपेपरगेट विवाद दोबारा चर्चा में आने की बड़ी वजह पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'सब्र' है। ख्वाजा ने अपनी किताब में दावा किया है कि 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई टीम के कई खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी थी।
उन्होंने सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड को दिए इंटरव्यू में कहा था कि इस मामले में बल्लेबाज, गेंदबाज और सपोर्ट स्टाफ सभी शामिल थे। ख्वाजा ने यह भी दावा किया कि पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट में भी सैंडपेपर का इस्तेमाल किया गया था।
उनके मुताबिक, केपटाउन टेस्ट के दौरान वह कैमरन बैनक्रॉफ्ट के पास बैठे थे, लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच के दौरान उनसे कोई बयान नहीं लिया गया।
क्या था 2018 का सैंडपेपरगेट विवाद?
फरवरी-मार्च 2018 में ऑस्ट्रेलियाई टीम चार टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने दक्षिण अफ्रीका गई थी। केपटाउन में सीरीज के तीसरे टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कैमरन बैनक्रॉफ्ट गेंद पर सैंडपेपर रगड़ते हुए कैमरे में कैद हुए थे। उन्होंने सैंडपेपर का टुकड़ा अपनी पैंट में छिपाने की कोशिश भी की थी।
क्रिकेट में गेंद की सतह के साथ जानबूझकर छेड़छाड़ करना बॉल टेम्परिंग कहलाता है। गेंद की सतह को असमान बनाने से उसकी स्विंग प्रभावित हो सकती है और गेंदबाजों को रिवर्स स्विंग कराने में मदद मिल सकती है।
घटना के बाद तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ ने स्वीकार किया था कि टीम के लीडरशिप ग्रुप ने गेंद से छेड़छाड़ की योजना बनाई थी।
स्मिथ, वॉर्नर और बैनक्रॉफ्ट पर लगा था प्रतिबंध
इस मामले में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कड़ी कार्रवाई की थी।
- स्टीव स्मिथ पर 12 महीने का प्रतिबंध लगाया गया था। इसके अलावा उन्हें अतिरिक्त 12 महीने तक ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में नेतृत्व की जिम्मेदारी लेने से रोका गया।
- डेविड वॉर्नर को भी 12 महीने के लिए निलंबित किया गया था। उन पर कप्तानी का आजीवन प्रतिबंध लगाया गया था, जिसे 2024 में हटा दिया गया।
- कैमरन बैनक्रॉफ्ट को 9 महीने के लिए निलंबित किया गया था।
वॉर्नर ने ख्वाजा के दावों का किया समर्थन
उस्मान ख्वाजा के खुलासों के बाद पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वॉर्नर ने उनका समर्थन किया। वॉर्नर ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर ख्वाजा की बातों को 100 फीसदी सही बताया।
उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की पुरानी जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि ख्वाजा बैनक्रॉफ्ट के पास बैठे थे, फिर भी उनसे पूछताछ नहीं की गई। वॉर्नर के मुताबिक, जांच जल्दबाजी में और अधूरे तरीके से की गई थी। उन्होंने कहा कि उनका मकसद पुराने विवाद को फिर से भड़काना नहीं, बल्कि जवाबदेही तय करना है।
स्टार्क और कमिंस ने आरोपों को नकारा
ख्वाजा के दावों पर ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने कहा कि उन्हें मैदान पर सैंडपेपर ले जाने की जानकारी नहीं थी। उनके मुताबिक, उन्हें इस घटना का पता केपटाउन टेस्ट के दौरान स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन से चला था। स्टार्क ने कहा कि इस मामले पर उनका पक्ष 2021 में दिए गए बयान जैसा ही है।
वहीं कप्तान पैट कमिंस ने भी ख्वाजा के दावों को गलत और बेतुका बताया था। 2021 में कमिंस, स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन ने संयुक्त बयान जारी कर गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी होने से इनकार किया था।
अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के प्रस्तावित स्वतंत्र फोरम से उम्मीद है कि इस विवाद से जुड़े अलग-अलग पक्षों को अपनी बात रखने का मौका मिलेगा। हालांकि, बोर्ड ने साफ किया है कि इसका मकसद पुरानी जांच को दोबारा खोलना नहीं है।