×

सूरत में 6 सितंबर को साइकिलिंग के जरिए युवाओं को दिया जाएगा नशा छोड़ने का संदेश

 

नई दिल्ली, 4 सितंबर (आईएएनएस)। 'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल' का 89वां संस्करण 6 सितंबर को सूरत में 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' थीम के साथ आयोजित किया जाएगा। सरकार युवाओं के बीच स्वस्थ और नशा-मुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए खेल, फिटनेस और सामुदायिक भागीदारी का इस्तेमाल करना चाहती है।

केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया इस साइकिलिंग पहल का नेतृत्व करेंगे, जबकि गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' के आह्वान के अनुरूप आयोजित की जा रही है और इसका मकसद युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।

मनसुख मांडविया ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए 'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल' का यह संस्करण हमारे युवाओं को नशीले पदार्थों से दूर रहने और स्वस्थ व सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए समर्पित है।"

उन्होंने कहा, "संडे ऑन साइकिल और अन्य फिटनेस गतिविधियों के माध्यम से, फिट इंडिया एक ऐसी पीढ़ी बनाने में मदद कर रहा है जो स्वस्थ, आत्मविश्वासी और अनुशासित हो और 'विकसित भारत' के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हो।"

यह अभियान ऐसे समय में चलाया जा रहा है जब प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले से अपने स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में नशीले पदार्थों के सेवन को देश और उसके युवाओं के लिए एक बड़ी चुनौती बताया था। 89वां संस्करण 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान' के तहत 100-सप्ताह के राष्ट्रव्यापी 'जन भागीदारी' अभियान का भी समर्थन करेगा। इस अभियान का मकसद खेल, फिटनेस, जागरूकता और सक्रिय सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से नशीले पदार्थों के सेवन के खिलाफ एक निरंतर आंदोलन खड़ा करना है।

सूरत में साइकिलिंग कार्यक्रम सुबह 6 बजे मंगध चौक पर सरदार पटेल प्रतिमा से शुरू होगा। यह रूट मिनी बाजार और वराछा मेन रोड से होते हुए सरथाना चिड़ियाघर पर समाप्त होगा। इस पहल में कई प्रमुख खिलाड़ियों के भाग लेने की उम्मीद है, जिनमें पद्म श्री और ओलंपियन अचंता शरत कमल, अर्जुन अवार्डी और पहलवान सरिता मोर, पहलवान शिवानी पवार और कॉमनवेल्थ गेम्स मेडलिस्ट राहुल मान शामिल हैं।

--आईएएनएस

एसएम/वीसी