☰
×

Chris Lynn: कोकीन मामले में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर क्रिस लिन को बड़ी राहत, 3 महीने की सजा घटकर हुई 1 महीना; अब खेल सकेंगे क्रिकेट

 

ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस लिन को कोकीन इस्तेमाल करने के मामले में बड़ी राहत मिली है। इंग्लैंड के क्रिकेट रेगुलेटर ने उनकी सजा तीन महीने से घटाकर एक महीना कर दी है। 36 वर्षीय लिन को 18 जुलाई को इंग्लैंड में खेले गए T20 ब्लास्ट फाइनल्स डे के दौरान हुए एंटी-डोपिंग टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया था। उस समय वह नॉर्थम्पटनशायर की टीम का हिस्सा थे।

क्रिकेट रेगुलेटर के मुताबिक, लिन ने कोकीन का इस्तेमाल प्रतियोगिता के बाहर किया था और इसका उनके खेल प्रदर्शन को बेहतर बनाने से कोई संबंध नहीं था। इसके अलावा उन्होंने सब्सटेंस एब्यूज रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम भी पूरा किया। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए उनकी सजा कम की गई है। लिन अपना निलंबन पूरा कर चुके हैं और अब उनके क्रिकेट खेलने पर कोई रोक नहीं है।

T20 ब्लास्ट के दौरान डोपिंग टेस्ट में मिले थे पॉजिटिव

18 जुलाई को T20 ब्लास्ट फाइनल्स डे के दौरान क्रिस लिन का नियमित एंटी-डोपिंग टेस्ट किया गया था। उस समय वह नॉर्थम्पटनशायर स्टीलबैक्स की ओर से खेल रहे थे।

उनके यूरिन सैंपल को फ्रांस की वाडा (WADA) से मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया। जांच में कोकीन के मेटाबोलाइट बेंजोयलेकगोनिन की कम मात्रा पाई गई। इसके बाद लिन ने एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन की बात स्वीकार कर ली थी।

प्रतियोगिता के बाहर किया था पदार्थ का इस्तेमाल

क्रिकेट रेगुलेटर के अनुसार, वाडा की 2026 की प्रतिबंधित पदार्थों की सूची में कोकीन को स्टिमुलेंट और सब्सटेंस ऑफ एब्यूज की श्रेणी में रखा गया है। यह पदार्थ प्रतियोगिता के दौरान प्रतिबंधित है।

जांच में सामने आया कि लिन ने इसका इस्तेमाल प्रतियोगिता के बाहर किया था। साथ ही, इस मामले का उनके मैदान पर प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं पाया गया। रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम पूरा करने को भी सजा कम करने का आधार माना गया।

इन सभी परिस्थितियों के बाद उनकी तीन महीने की शुरुआती सजा घटाकर एक महीना कर दी गई। क्रिकेट रेगुलेटर ने पुष्टि की कि लिन निलंबन की अवधि पूरी कर चुके हैं।

BBL में मेलबर्न रेनेगेड्स के लिए खेल सकते हैं

क्रिस लिन बिग बैश लीग (BBL) के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह आगामी सीजन में मेलबर्न रेनेगेड्स की ओर से खेल सकते हैं। उनका प्रतिबंध पूरा होने के बाद BBL में खेलने का रास्ता साफ हो गया है।

36 वर्षीय लिन ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 18 टी-20 इंटरनेशनल और 4 वनडे मुकाबले खेले हैं। वह दुनिया भर की टी-20 लीग में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाते हैं।