चोट के कारण जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर हुईं सिनालो जाफ्टा, फिलैंडर को मिला मौका
नई दिल्ली, 3 सितंबर (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम की विकेटकीपर-बल्लेबाज सिनालो जाफ्टा जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज से बाहर हो गई हैं। क्रिकेट साउथ अफ्रीका (सीएसए) ने इस बात की जानकारी दी है।
जाफ्टा को दौरे के लिए रवाना होने से पहले हुए फिटनेस टेस्ट के दौरान हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया है। जाफ्टा की जगह पर जे-ली फिलैंडर को टीम में शामिल किया गया है। फिलैंडर पहले साउथ अफ्रीका की अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुकी हैं और उन्हें पहली बार सीनियर इंटरनेशनल टीम में बुलाया गया है। सीएसए ने अपने बयान में बताया, "प्रोटियाज महिला टीम की विकेटकीपर-बल्लेबाज सिनालो जाफ्टा दौरे के लिए रवाना होने से पहले हुए टेस्ट के दौरान हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज से बाहर हो गई हैं।"
क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने आगे कहा, "साउथ अफ्रीका महिला टीम और वेस्टर्न प्रोविंस की उभरती हुई खिलाड़ी जे-ली फिलैंडर को उनकी जगह पहली बार सीनियर इंटरनेशनल टीम में बुलाया गया है। वह सोमवार को टीम के बुलावायो रवाना होने से पहले त्शवाने में प्रोटियाज महिला टीम के साथ जुड़ेंगी।"
नियमित कप्तान लौरा वोल्वार्ट इस दौरे पर टीम की कमान संभालेंगी। यह साउथ अफ्रीका की अपने पड़ोसी देश के खिलाफ पहली टी20 इंटरनेशनल सीरीज है। टीम में कई नए खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि मारिजैन कैप, डेन वैन नीकर्क, सुने लूस, नोंगकुलुलेको म्लाबा, ताजमिन ब्रिट्स, क्लो ट्रायन, नादिन डी क्लर्क, अयाबोंगा खाका और शबनिम इस्माइल जैसे कई सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया है।
साउथ अफ्रीका की यात्रा करने वाली टीम में तीन ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं जिन्होंने अभी तक इंटरनेशनल डेब्यू नहीं किया है। यह तीन खिलाड़ी 21 वर्षीय तेज गेंदबाज कैटलिन विंगार्ड, न्थाबिसेंग निनी और ऑफ-स्पिनर लुयांडा न्ज़ुजा हैं। इन तीनों ने बांग्लादेश एमर्जिंग टीम के खिलाफ हालिया मैचों में साउथ अफ्रीका एमर्जिंग महिला टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया था।
साउथ अफ्रीका का अपडेटेड स्क्वॉड: लौरा वोल्वार्ट (कप्तान), एनेके बॉश, एनेरी डर्कसेन, जे-ली फिलैंडर (विकेटकीपर), अयांदा ह्लुबी, एलिज-मारी मार्क्स, काराबो मेसो (विकेटकीपर), सेशनी नायडू, लुयांडा नजुजा, कायला रेनेके, नथाबिसेंग निनी, नोंदुमिसो शंगासे, मियाने स्मिट, फेय ट्यूनीक्लिफ और केटलिन वेनगार्ड।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी