☰
×

चौथा टी20: कप्तान शाई होप का तूफानी शतक, वेस्टइंडीज ने भारत को दिया 248 रन का टारगेट

 

हैदराबाद, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। कप्तान शाई होप के तूफानी शतक की मदद से वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले में जीत के लिए 248 रन का विशाल टारगेट रखा है।

हैदराबाद में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी वेस्टइंडीज की टीम को कप्तान शाई होप और ज्वेल एंड्रयू ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 4.2 ओवरों में 52 रन की साझेदारी की। एंड्रयू 16 गेंदों में 1 छक्के और 2 चौकों के साथ 21 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद होप ने शिमरोन हेटमायर के साथ दूसरे विकेट के लिए 24 गेंदों में 58 रन जुटाकर टीम को शतक के पार पहुंचा दिया। हेटमायर ने 12 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 33 रन बनाए। शाई होप ने कप्तानी पारी जारी रखी। उन्होंने रोवमैन पॉवेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 27 गेंदों में 46 रन जुटाए। पॉवेल 17 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 24 रन का योगदान टीम के खाते में देकर पवेलियन लौटे।

इसके बाद शाई होप ने शेरफन रदरफोर्ड के साथ चौथे विकेट के लिए 43 गेंदों में 91 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को 247/3 के स्कोर तक पहुंचाया। शाई होप ने 50 गेंदों में 102 रन की नाबाद पारी खेली। इसमें 9 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। वहीं, शेरफन रदरफोर्ड ने 26 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 49 नाबाद रन बनाए। भारतीय टीम से अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, नमन धीर, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और मयंक यादव के साथ इस मैच में उतरी है।

वहीं, वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन में शाई होप (विकेटकीपर/कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, रोस्टन चेज, कीमो पॉल, शमर स्प्रिंगर, गुडाकेश मोती और शमर जोसेफ को मौका दिया गया है।

भारत ने वेस्टइंडीज के विरुद्ध वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी। इसके बाद भारत ने टी20 सीरीज का पहला मैच 8 विकेट से जीता, लेकिन अगले मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 6 विकेट से बाजी मार ली। हालांकि, सीरीज का तीसरा मैच टीम इंडिया ने 14 रन से अपने नाम करते हुए 2-1 से बढ़त बनाई। अब भारत हैदराबाद में जारी इस मुकाबले को जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करना चाहेगा। सीरीज का पांचवां और अंतिम मैच 17 अक्टूबर को बेंगलुरु में खेला जाना है।

--आईएएनएस

आरएसजी