×

चमारी अटापट्टू का तूफानी स्पेल, 5 रन में 7 विकेट लेकर रचा इतिहास; हैट्रिक भी झटकी
 

 

महिला एशिया कप 2026 में श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू ने गेंद से ऐसा कहर बरपाया कि रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया। इंडोनेशिया के खिलाफ मुकाबले में अटापट्टू ने महज 5 रन देकर 7 विकेट चटकाए और इसी दौरान हैट्रिक भी पूरी की।

दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 124 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडोनेशिया की टीम श्रीलंकाई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम सिर्फ 49 रन पर ऑलआउट हो गई। श्रीलंका ने मुकाबला 75 रन से जीत लिया और ग्रुप बी की पॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।

3.3 ओवर में 7 विकेट

अटापट्टू ने 3.3 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ 5 रन खर्च करते हुए 7 बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। उन्होंने पारी के चौथे ओवर में अपना पहला विकेट हासिल किया। इसके बाद इंडोनेशियाई बल्लेबाज लगातार उनके सामने संघर्ष करते नजर आए।

जब इंडोनेशिया का स्कोर 29 रन था, तब तक उसकी आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी और इनमें तीन विकेट अटापट्टू के खाते में आ चुके थे।

19वें ओवर में पूरी की हैट्रिक

अटापट्टू ने पारी के 19वें ओवर में लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट चटकाकर अपनी हैट्रिक पूरी की। इसके साथ ही वह अंतरराष्ट्रीय महिला टी20 क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाली श्रीलंका की पहली गेंदबाज बन गईं।

यह उनके अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर का पहला फाइफर भी है। सात विकेट के इस शानदार प्रदर्शन ने उन्हें महिला टी20 क्रिकेट के चुनिंदा गेंदबाजों की सूची में शामिल कर दिया।

अटापट्टू के नाम दर्ज हुए कई रिकॉर्ड
महिला टी20 इंटरनेशनल की एक पारी में 7 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाली वह दुनिया की छठी गेंदबाज बनीं।
फुल मेंबर देश की पहली गेंदबाज बनीं, जिसने महिला टी20 इंटरनेशनल की एक पारी में 7 विकेट लिए।
श्रीलंका के लिए महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे बेहतरीन गेंदबाजी आंकड़े अपने नाम किए।
अंतरराष्ट्रीय महिला टी20 में हैट्रिक लेने वाली पहली श्रीलंकाई गेंदबाज बनीं।
टी20 इंटरनेशनल में श्रीलंका के लिए उनके विकेटों की संख्या 85 हो गई है।

महिला टी20 में एक पारी में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड ब्राजील की लौरा कार्डोसो के नाम है, जिन्होंने इसी साल 9 विकेट हासिल किए थे। अटापट्टू का 7 विकेट का प्रदर्शन इस रिकॉर्ड के बाद एक और ऐतिहासिक उपलब्धि बन गया है।

बल्लेबाजी में नहीं चला बल्ला, गेंद से मचाया धमाल

इस मुकाबले में अटापट्टू बल्लेबाजी में खास कमाल नहीं कर सकीं। उन्होंने 13 गेंदों पर सिर्फ 9 रन बनाए। हालांकि गेंद हाथ में आते ही उन्होंने मैच का पूरा रुख बदल दिया और अकेले दम पर इंडोनेशिया की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया।

अटापट्टू अब श्रीलंका के लिए महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा टी20 विकेट लेने के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। उनके नाम 85 विकेट हैं, जबकि इनोका रणवीरा 97 विकेट के साथ उनसे आगे हैं।