☰
×

कनाडा ओपन: इंग्लिश खिलाड़ी को मात देकर क्वार्टर फाइनल पहुंचीं अनाहत

 

ओंटारियो, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत की अनाहत सिंह ने प्रोफेशनल स्क्वैश एसोसिएशन (पीएसए) टूर पर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मंगलावर को इंग्लैंड की सारन न्घिएम के खिलाफ जीत हासिल की। इसी के साथ अनाहत 'कैनेडियन विमेंस ओपन' के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं।

टोरंटो में जारी प्रतियोगिता में 18 वर्षीय अनाहत ने 103,750 अमेरिकी डॉलर इनामी राशि वाले पीएसए सिल्वर-लेवल टूर्नामेंट के दूसरे दौर में वर्ल्ड 52 खिलाड़ी को 11-6, 4-11, 11-5, 11-7 से शिकस्त दी। छठी वरीयता प्राप्त अनाहत को पहले दौर में 'बाय' (सीधे अगले दौर में प्रवेश) मिला था।

वर्ल्ड नंबर-15 अनाहत ने आत्मविश्वास के साथ शुरुआत करते हुए पहला गेम 11-6 से जीता, लेकिन न्घिएम ने जोरदार वापसी करते हुए दूसरा गेम 11-4 से जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। तीसरे गेम में भारतीय खिलाड़ी ने फिर से खेल पर नियंत्रण बनाया और 11-5 से जीत दर्ज की। इसके बाद चौथे गेम में 11-7 से जीत हासिल कर उन्होंने मैच अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ अनाहत का शानदार सफर जारी है। पिछले हफ्ते उन्होंने पीएसए गोल्ड-लेवल इवेंट, 'सिलिकॉन वैली ओपन' में पहली बार सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। अमेरिका में खेले गए उस टूर्नामेंट में वह सेमीफाइनल तक पहुंची थीं, जहां उन्हें मलेशिया की शिवसंगरी सुब्रमण्यम से चार गेम में हार का सामना करना पड़ा।

मौजूदा वर्ल्ड जूनियर चैंपियन के सामने अब कैनेडियन ओपन के क्वार्टर फाइनल में एक कठिन चुनौती होगी, जहां उनका मुकाबला मिस्र की फेरोज अबोएलखैर से होगा। वर्ल्ड रैंकिंग में 7वें स्थान पर मौजूद फेरोज इस टूर्नामेंट की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं। ऐसे में, प्रोफेशनल सर्किट पर एक और बड़ी सफलता की तलाश कर रही भारतीय खिलाड़ी के लिए यह मुकाबला काफी चुनौतीपूर्ण होने वाला है।

इस बीच, टोरंटो में ही आयोजित पीएसए सिल्वर-लेवल 'कनाडा कप' की पुरुष स्पर्धा से भारत के वीर चोटरानी बाहर हो गए हैं। वर्ल्ड नंबर 36 खिलाड़ी को दूसरे दौर में इंग्लैंड के मोहम्मद अलशोरबागी के हाथों 7-11, 7-11, 6-11 से हार का सामना करना पड़ा।

--आईएएनएस

आरएसजी