☰
×

BREAKING:Kieron Pollard: मुंबई इंडियंस ने किया बड़ा ऐलान, IPL 2027 से पहले कीरोन पोलार्ड को सौंपी हेड कोच की जिम्मेदारी

 

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले मुंबई इंडियंस को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। फ्रेंचाइजी ने कीरोन पोलार्ड को अपना नया हेड कोच नियुक्त करने की आधिकारिक घोषणा की है। इससे पहले महेला जयवर्धने के पद छोड़ने की खबर सामने आई थी। मुंबई इंडियंस के लिए लंबे समय तक खेलने वाले पोलार्ड अब कोच की भूमिका में टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे।

वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड का मुंबई इंडियंस के साथ पुराना रिश्ता रहा है। वह 2010 से 2022 तक आईपीएल में इसी फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे। अब बतौर हेड कोच वह टीम की रणनीति बनाने, खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने और फ्रेंचाइजी की विरासत को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

हेड कोच बनने पर क्या बोले कीरोन पोलार्ड?

मुंबई इंडियंस की ओर से जारी बयान में पोलार्ड ने हेड कोच की जिम्मेदारी मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इस टीम का उनके जीवन और क्रिकेट करियर में खास स्थान रहा है। खिलाड़ी और कोच के रूप में टीम से जुड़े रहने के कारण वह मुंबई इंडियंस की संस्कृति और जिम्मेदारियों को अच्छी तरह समझते हैं।

पोलार्ड ने नीता अंबानी, आकाश अंबानी और मुंबई इंडियंस परिवार का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि वह खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ मिलकर काम करने, टीम की विरासत को आगे बढ़ाने और युवा प्रतिभाओं को निखारने के लिए उत्साहित हैं। उनका लक्ष्य टीम के प्रशंसकों यानी 'पलटन' को जश्न मनाने के और मौके देना है।

22 साल की उम्र में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे पोलार्ड

कीरोन पोलार्ड ने साल 2010 में 22 साल की उम्र में मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने कई सीजन तक टीम का प्रतिनिधित्व किया और फ्रेंचाइजी के प्रमुख खिलाड़ियों में अपनी जगह बनाई।

पोलार्ड ने आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए 189 मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 3,412 रन बनाए और 69 विकेट अपने नाम किए। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और उपयोगी गेंदबाजी के दम पर उन्होंने टीम की कई अहम जीत में योगदान दिया।

अब कोच के तौर पर संभालेंगे नई जिम्मेदारी

खिलाड़ी के रूप में मुंबई इंडियंस से लंबा जुड़ाव रखने वाले पोलार्ड के लिए हेड कोच की भूमिका एक नया अध्याय होगी। टीम और खिलाड़ियों के साथ उनका अनुभव आगामी सीजन की तैयारियों में उपयोगी साबित हो सकता है।

IPL 2027 के ऑक्शन से पहले उनकी नियुक्ति को फ्रेंचाइजी की तैयारियों के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है। अब प्रशंसकों की नजर इस बात पर रहेगी कि पोलार्ड के मार्गदर्शन में मुंबई इंडियंस आगामी सीजन के लिए किस तरह की टीम तैयार करती है और मैदान पर कैसा प्रदर्शन करती है।