☰
×

BREAKING : Asian Games 2026 Live Update: 17 साल की कुमकुम ने रचा इतिहास, रिकर्व इंडिविजुअल में भारत को दिलाया गोल्ड
 

 

भारत की 17 साल की युवा तीरंदाज कुमकुम मोहोद ने एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के खाते में एक और गोल्ड मेडल जोड़ दिया। शनिवार को महिलाओं की रिकर्व इंडिविजुअल स्पर्धा के फाइनल में कुमकुम ने दक्षिण कोरिया की ओह ये जिन को शूटआउट में हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इस जीत के साथ कुमकुम ने एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वह एशियन गेम्स की महिलाओं की रिकर्व इंडिविजुअल स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला तीरंदाज बन गई हैं।

पहले ही एशियाड में तीसरा मेडल
कुमकुम के लिए यह एशियन गेम्स बेहद खास रहा है। अपने पहले ही एशियाड में उन्होंने अब तक तीन मेडल अपने नाम कर लिए हैं। रिकर्व इंडिविजुअल में गोल्ड जीतने के साथ उन्होंने भारतीय तीरंदाजी टीम के शानदार प्रदर्शन में भी अहम योगदान दिया है।
तीरंदाजी में भारत का पांचवां गोल्ड
कुमकुम की जीत के साथ एशियन गेम्स में भारत ने तीरंदाजी में अपना पांचवां गोल्ड मेडल हासिल कर लिया। इस स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ियों के लगातार शानदार प्रदर्शन से भारत के कुल स्वर्ण पदकों की संख्या भी बढ़ी है।

शूटआउट में तय हुआ मुकाबला
फाइनल में कुमकुम और ओह ये जिन के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। निर्धारित शूटिंग के बाद मुकाबला शूटआउट तक पहुंचा, जहां भारतीय तीरंदाज ने दबाव के बीच बेहतर प्रदर्शन करते हुए बाजी मार ली।
17 साल की उम्र में एशियन गेम्स के मंच पर यह उपलब्धि हासिल करना कुमकुम के करियर का बड़ा पड़ाव माना जा रहा है। उनकी इस जीत के साथ भारतीय तीरंदाजी को भी एक ऐतिहासिक व्यक्तिगत स्वर्ण पदक मिला है।