×

भारतीय बधिर क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका को टी20 में 3-0 और वनडे में 2-0 से हराया

 

नई दिल्ली, 3 मई (आईएएनएस)। भारतीय बधिर क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है। दक्षिण अफ्रीका दौरे पर भारतीय टीम ने टी20 सीरीज 3-0 और वनडे सीरीज 2-0 से जीती। भारतीय टीम ने खेल के हर विभाग में दक्षिण अफ्रीका को पीछे छोड़ा।

बीसीसीआई के सहयोग से बधिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल और एशियन बधिर क्रिकेट एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त आईडीसीए ने इस सीरीज को आयोजित किया था।

टी20 सीरीज में भारतीय टीम ने पहले मैच में 108 रन का पीछा करते हुए तीन विकेट से जीत हासिल की। इसके बाद दूसरे मैच में 109 रन का पीछा करते हुए आठ विकेट से जीत हासिल की। ​​तीसरे मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 157 रन बनाए और दक्षिण अफ्रीका को 85 रन पर समेट मैच 72 रन से जीता।

वनडे सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम ने 118 रन का पीछा करते हुए सात विकेट से जीत हासिल की। दूसरे मैच में, भारतीय टीम ने 203 रन का लक्ष्य 9 विकेट खोकर हासिल किया।

वीरेंद्र सिंह इस सीरीज के सबसे अच्छे परफॉर्मर रहे। उन्हें दोनों फॉर्मेट में प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया, और वे टी20 में श्रेष्ठ बल्लेबाज और गेंदबाज रहे, साथ ही वनडे में श्रेष्ठ गेंदबाज का भी पुरस्कार जीता। साई आकाश को वनडे सीरीज का श्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया।

जीत पर आईडीसीए के अध्यक्ष सुमित जैन ने कहा, "हमारे खिलाड़ी चैंपियनशिप के लिए अच्छी तरह से तैयार और उत्साहित थे। वे अपनी स्किल्स दिखाने और इस बड़े टाइटल के लिए मुकाबला करने के लिए तैयार थे। सीरीज में उनके शानदार प्रदर्शन से पता चलता है कि टीम ने ट्रॉफी भारत लाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी।"

आईडीसीए की सीईओ रोमा बलवानी ने कहा, "प्रिटोरिया में सीरीज आयोजित करने से भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रिश्ते और मजबूत होते हैं, साथ ही बधिर क्रिकेट को एक प्रतियोगी और प्रेरणा देने वाले खेल के तौर पर पहचान भी मिलती है।"

आईडीसीए ने समर्थन के लिए आईसीसी अध्यक्ष जय शाह और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड का भी शुक्रिया अदा किया।

--आईएएनएस

पीएके