देश में एफ4 चैंपियनशिप, भारतीय मोटरस्पोर्ट्स की दिशा में एक बड़ा कदम: कृषय गुट्टे
ग्रेटर नोएडा, 29 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय रेसिंग ड्राइवर कृषय गुट्टे ने बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में एफ4 इंडियन चैंपियनशिप में अपनी पहली जीत हासिल की। राउंड-5 की तीसरी रेस में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और आखिरकार विजेता बने।
शुरुआत में 'स्पीड डेमंस दिल्ली' के गुट्टे दूसरे स्थान पर रहे थे। उनके टीम साथी न्तियिसो माबुंडा पहले स्थान पर फिनिश लाइन पार करने में सफल रहे थे, लेकिन रेस के बाद अधिकारियों ने माबुंडा को 'फॉल्स स्टार्ट' (गलत शुरुआत) के लिए 10 सेकंड की पेनाल्टी दे दी। इस पेनाल्टी के कारण नतीजे बदल गए और कृषय गुट्टे को विजेता घोषित कर दिया गया। यह उनकी एफ4 इंडियन चैंपियनशिप में पहली जीत रही, जिससे वह बेहद उत्साहित हैं।
शनिवार को रेस 1 में गुट्टे की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, लेकिन उन्होंने रविवार को रेस 3 में शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की। इससे पहले रविवार को दिन में, वह रेस 2 में छठे स्थान पर रहे थे।
'आईएएनएस' से खास बातचीत में, गुट्टे ने अपने प्रदर्शन और एफ4 इंडियन चैंपियनशिप के महत्व पर चर्चा करते हुए बताया, "हां, बिल्कुल। यह इस सीजन का मेरा सबसे बेहतरीन क्वालीफाइंग प्रदर्शन था, जिसमें मैंने दो बार पी3 (तीसरा स्थान) हासिल किया। शनिवार को, टर्न 5 तक सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन फिर किस्मत ने साथ नहीं दिया। उस घटना के बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा, लेकिन मुझे पता था कि आज का दिन मेरे लिए वापसी का दिन होगा। मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया। यह वाकई एक बहुत अच्छी रेस थी। मैंने इसे बहुत अच्छे से नियंत्रित किया। मेरे हिसाब से इसे बयां करने का यही सबसे सही तरीका है। गलतियां बहुत कम हुईं। रफ्तार भी अच्छी थी। सब कुछ एकदम सही रहा। मैं काफी शांत था।"
इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि भारत में एफ4 का आना, देश में मोटरस्पोर्ट्स को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा, "हां, भारत में एफ4 चैंपियनशिप का आना मोटरस्पोर्ट्स के लिए एक बहुत अच्छा कदम है। मेरे लिए भी, एक ड्राइवर के तौर पर ट्रैक के अंदर और बाहर खुद को विकसित करने के लिए यह एक बेहतरीन मौका रहा है।"
अब एफ4 इंडियन सीरीज का आखिरी राउंड मुंबई में होगा। यह गुट्टे के लिए एक 'होम रेस' (घरेलू रेस) होगी, और वे इसमें हिस्सा लेने को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, "हां, यह मेरे लिए होम रेस है। आपको पता है, मेरे कई दोस्त वहां आने वाले हैं। नया ट्रैक है, और वह भी रात के समय। स्ट्रीट सर्किट है। बहुत मजा आने वाला है।"
--आईएएनएस
आरएसजी