×

भारत की प्लेइंग इलेवन में कैसी हो सकती है तेज गेंदबाजी आक्रमण की तस्वीर?

 

नई दिल्ली, 8 जून (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के अलावा, एशियन गेम्स 2026 के लिए भी भारतीय टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। आइए, समझते हैं कि इन तीनों टूर्नामेंट में भारत की प्लेइंग इलेवन में तेज गेंदबाजी आक्रमण की तस्वीर कैसी हो सकती है?

भारत और आयरलैंड के बीच 26 और 28 जून को दो टी20 मुकाबलों की सीरीज खेली जानी है।

आयरलैंड के खिलाफ भारतीय टीम की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में है। इस टीम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया गया है।

भारतीय मैनेजमेंट आयरलैंड के खिलाफ युवा खिलाड़ियों को आजमाने की रणनीति अपना सकता है। ऐसे में मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह की जगह लगभग तय नजर आती है, जबकि तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में हर्षित राणा और प्रिंस यादव के बीच मुकाबला हो सकता है। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने आईपीएल 2026 के 14 मुकाबलों में 16 विकेट हासिल किए थे। अगर भारतीय टीम अतिरिक्त बल्लेबाजी या स्पिन विकल्प चाहती है तो दो विशेषज्ञ पेसरों के साथ भी उतर सकती है।

इसके बाद भारतीय टीम 1-11 जुलाई के बीच इंग्लैंड में 5 टी20 मुकाबलों की सीरीज खेलेगी। इंग्लैंड की सरजमीं पर उसकी मजबूत बैटिंग यूनिट के सामने भारत अनुभव और गति का संतुलन बनाए रखना चाहेगा।

ऐसे में मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा सबसे मजबूत तिकड़ी नजर आती है।

इंग्लैंड की परिस्थितियों और बल्लेबाजों को देखते हुए टीम मैनेजमेंट अतिरिक्त गति और बाउंस के लिए हर्षित पर भरोसा कर सकता है। ऐसे में प्रिंस यादव बैकअप विकल्प रह सकते हैं। हालांकि, प्रिंस के पास आयरलैंड दौरे पर शानदार प्रदर्शन करते हुए खुद को साबित करने का मौका होगा। इसके साथ ही अगर टीम इंडिया शुरुआती मुकाबलों में ही सीरीज पर अपना कब्जा जमा लेती है, तो प्रिंस यादव को प्रयोग के तौर पर शेष मुकाबलों में उतारा जा सकता है।

एशियन गेम्स के स्क्वॉड में जसप्रीत बुमराह की मौजूदगी पूरे गेंदबाजी आक्रमण को अलग स्तर पर ले जाती है। बुमराह के साथ अर्शदीप सिंह की जोड़ी को नई गेंद सौंपी जा सकती है, जबकि तीसरे पेसर के रूप में हर्षित राणा सबसे प्रबल दावेदार होंगे। जरूरत पड़ने पर टीम दो तेज गेंदबाज और तीन स्पिनर्स के संयोजन के साथ भी मैदान में उतर सकती है, क्योंकि अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर और वरुण चक्रवर्ती जैसे विकल्प उपलब्ध हैं।

--आईएएनएस

आरएसजी