×

भारत का 'अनूठा रिकॉर्ड', टी20 में ऐसा करने वाला पहला देश बना

 

हरारे, 25 जुलाई (आईएएनएस)। भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे स्पोर्ट्स क्लब में जारी टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में 219/5 का स्कोर बनाया। टीम इंडिया ने एक कैलेंडर ईयर में 9वीं बार टी20 क्रिकेट में 200+ का आंकड़ा छुआ है। इसी के साथ भारत ने कैलेंडर ईयर में टी20 क्रिकेट के दौरान सबसे ज्यादा बार इस आंकड़े को छूने के मामले में अपने ही रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

इससे पहले, टीम इंडिया ने साल 2024 में 9 बार टी20 क्रिकेट में यह आंकड़ा छुआ था। साल 2023 में भारत ने 7 बार ऐसा किया। जापान (साल 2024) और ऑस्ट्रिया (साल 2025) की टीमें 7-7 बार ऐसा कर चुकी हैं। इंग्लैंड (साल 2022), साउथ अफ्रीका (साल 2022) और वेस्टइंडीज (साल 2024) ने ऐसा 6-6 बार किया।

शनिवार को टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 219 रन बनाए। टीम इंडिया ने 29 के स्कोर तक अपने 2 विकेट खो दिए थे। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने ईशान किशन के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 66 रन की साझेदारी की।

अय्यर 20 गेंदों में 4 चौकों के साथ 25 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ईशान किशन ने तिलक वर्मा के साथ चौथे विकेट के लिए 43 गेंदों में 94 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। ईशान 44 गेंदों में 2 छक्कों और 9 चौकों के साथ 81 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाले रखा। तिलक 29 गेंदों में 60 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी इस पारी में 3 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। इनके अलावा, रिंकू सिंह ने 12 रन और शिवम दुबे ने नाबाद 6 रन टीम के खाते में जोड़े।

मेजबान खेमे से ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड नगारवा, ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहूरी और ब्रायन बेनेट ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, यश ठाकुर और मयंक यादव के साथ इस मैच में उतरी है।

वहीं, जिम्बाब्वे की प्लेइंग इलेवन में ब्रायन बेनेट, बेन करन, डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, वेस्ली मधेवेरे, तदिवानाशे मारुमानी (विकेटकीपर), ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहूरी, रिचर्ड नगारवा और ब्लेसिंग मुजरबानी शामिल हैं।

--आईएएनएस

आरएसजी