×

भारत बनाम इंग्लैंड: टी20 इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाले 5 बल्लेबाज

 

नई दिल्ली, 2 मार्च (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल-2 में टीम इंडिया की भिड़ंत इंग्लैंड से 5 मार्च को होनी है। इस मुकाबले की मेजबानी मुंबई का वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम करेगा। टी20 विश्व कप में यह लगातार तीसरा मौका है, जब ये दोनों टीमें नॉकआउट मुकाबले में एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरेंगी। टी20 में इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है।

भारत-इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 29 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 17 में जीत टीम इंडिया के हाथ लगी है। वहीं, इंग्लैंड ने 12 मैच जीते हैं। आइए, आपको उन 5 बल्लेबाजों के नाम बताते हैं, जिन्होंने भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 मुकाबलों में सर्वाधिक रन बनाए हैं।

विराट कोहली: क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हुए भारत की ओर से सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम दर्ज है। कोहली ने 21 मुकाबलों में 135 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 648 रन बनाए हैं। विराट ने इंग्लिश गेंदबाजी अटैक के सामने 5 अर्धशतक लगाए हैं और 80 रन उनका सर्वाधिक स्कोर रहा है।

जोस बटलर: भारत-इंग्लैंड के बीच टी20 मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर जोस बटलर हैं। बटलर इस फॉर्मेट में भारत के खिलाफ अब तक खेले 27 मुकाबलों में 143 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 644 रन बना चुके हैं। बटलर ने भारत के खिलाफ पांच अर्धशतक लगाए हैं।

रोहित शर्मा: टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले चुके रोहित शर्मा भारत की ओर से इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर काबिज हैं। रोहित ने इंग्लैंड के गेंदबाजी अटैक के खिलाफ 16 मैचों में 139 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 467 रन बनाए हैं। रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में 1 शतक और 3 अर्धशतक लगाए हैं।

हार्दिक पांड्या: भारत-इंग्लैंड के बीच टी20 मुकाबलों में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में हार्दिक पांड्या चौथे नंबर पर हैं। हार्दिक ने इंग्लैंड के खिलाफ 20 मुकाबलों में 148 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 414 रन बनाए हैं। हार्दिक इस दौरान 3 अर्धशतक लगा चुके हैं।

जेसन रॉय: जेसन रॉय को भारतीय टीम का गेंदबाजी अटैक काफी रास आता है। वह भारत-इंग्लैंड के बीच खेले गए टी20 मैचों में सर्वाधिक रन बनाने वाले पांचवें बल्लेबाज रहे हैं। रॉय ने 15 मुकाबलों में 131 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 356 रन बनाए हैं। भारत के खिलाफ उन्होंने एक अर्धशतक लगाया है।

--आईएएनएस

एसएम/आरएसजी