बायर्न म्यूनिख क्लब ने जमाल मुसियाला को समर्थन देने का दिलाया भरोसा, बोले- खिलाड़ी की सेहत सबसे बड़ी प्राथमिकता
म्यूनिख, 25 नवंबर (आईएएनएस)। बायर्न म्यूनिख ने जमाल मुसियाला की रिकवरी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। खिलाड़ी के प्रतिनिधियों के साथ एक सकारात्मक बैठक के बाद क्लब ने कहा है कि मिडफील्डर की सेहत उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण है।
जर्मन चैंपियन क्लब ने बुधवार को मुसियाला की मैनेजमेंट एजेंसी, '11विन्स' के साथ मिलकर एक संयुक्त बयान जारी किया। इसका उद्देश्य 23 वर्षीय खिलाड़ी की मेडिकल स्थिति और क्लब में उनके भविष्य को लेकर चल रही अटकलों को दूर करना था। यह घटनाक्रम तब सामने आया है जब इस साल की शुरुआत में मुसियाला की सेहत को लेकर चिंताएं पैदा हो गई थीं। प्री-सीजन मैचों के दौरान, चार दिनों के भीतर वह दो बार बेहोश हो गए थे। बाद में मेडिकल जांच से पता चला कि उन्हें 'एब्सेंस सीजर' की समस्या थी, जो एक न्यूरोलॉजिकल विकार से जुड़ी है।
मिडफील्डर के भविष्य और उनके मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट को लेकर क्लब के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों की सार्वजनिक टिप्पणियों के कारण बायर्न की आलोचना भी हुई थी। क्लब के मानद अध्यक्ष उली होनेस ने सवाल उठाया था कि क्या मुसियाला अपने पुराने प्रदर्शन के स्तर पर वापस आ पाएंगे। वहीं, सुपरवाइजरी बोर्ड के सदस्य कार्ल-हाइन्ज रुमेनिगे ने सुझाव दिया था कि उनके कॉन्ट्रैक्ट पर फिर से विचार किया जा सकता है।
इन टिप्पणियों की वैश्विक खिलाड़ी संघ 'एफआईएफपीआरओ' ने आलोचना की। संघ ने मुसियाला के कॉन्ट्रैक्ट को लेकर क्लब द्वारा बार-बार सार्वजनिक रूप से चर्चा करने पर चिंता जताई और कहा कि बायर्न को इस मामले को अधिक संवेदनशीलता के साथ संभालना चाहिए था।अपने ताजा बयान में, बायर्न ने जोर देकर कहा कि खिलाड़ी की भलाई उनके लिए सबसे ऊपर है। बयान में कहा गया, "मंगलवार को एफसी बायर्न म्यूनिख ने जमाल मुसियाला की मैनेजमेंट टीम के साथ एक सकारात्मक बैठक की। दोनों पक्षों के लिए खिलाड़ी की सेहत सबसे बड़ी प्राथमिकता है। जमाल मुसियाला को उनकी रिकवरी के दौरान पूरा समर्थन दिया जाएगा।"
दोनों पक्षों ने यह भी स्पष्ट किया कि मुसियाला ने पहली बार 22 अप्रैल, 2025 को 'एब्सेंस सीजर' जैसे लक्षणों के लिए मेडिकल जांच कराई थी। शुरुआती न्यूरोलॉजिकल लक्षण सामने आते ही, बायर्न और क्लब के मेडिकल विभाग के साथ मिलकर यह जांच की गई थी। बायर्न और खिलाड़ी के प्रतिनिधियों ने आगे भी आपसी सहयोग से बातचीत जारी रखने और इस दौरान गोपनीयता बनाए रखने पर सहमति जताई है।
इस बीच, हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण कई महीनों तक मैदान से बाहर रहने के बाद मुसियाला ने हाल ही में प्रतिस्पर्धी खेलों में वापसी की है। पिछले शुक्रवार को कोलोन के खिलाफ बायर्न के 1-1 से ड्रॉ रहे मुकाबले में वह एक सब्स्टिट्यूट के तौर पर मैदान पर उतरे। सितंबर के बाद यह उनका पहला मैच था।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी