बांग्लादेश को झटका, तेज गेंदबाज नाहिद राणा ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज से बाहर
ढाका, 25 जुलाई (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले बांग्लादेश को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज नाहिद राणा साइड स्ट्रेन के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने शनिवार को राणा की इंजरी और ऑस्ट्रेलिया सीरीज से बाहर होने की पुष्टि की।
23 साल के इस खिलाड़ी को 17 जुलाई को जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मैच के दौरान बाईं ओर ग्रेड 2 स्ट्रेन हुआ था। बाद में मेडिकल स्कैन से चोट की गंभीरता का पता चला। बीसीबी ने अनुमान लगाया कि राणा को ठीक होने में छह से आठ सप्ताह लगेंगे। इस वजह से उन्हें टेस्ट सीरीज से बाहर कर दिया गया।
बीसीबी ने एक मेडिकल अपडेट में कहा, "तेज गेंदबाज नाहिद राणा बाईं ओर के स्ट्रेन के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आने वाली टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। उन्हें ठीक होने में लगभग चार सप्ताह लगेंगे।"
बांग्लादेश के लिए कुछ अच्छी खबर यह है कि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शोरीफुल इस्लाम जिम्बाब्वे दौरे के दौरान लगी ग्रेड 1 लेफ्ट हैमस्ट्रिंग इंजरी से ठीक हो रहे हैं।
बीसीबी के मुताबिक, शोरीफुल के 29 जुलाई से गेंदबाजी फिर से शुरू करने की उम्मीद है। 12 अगस्त के आसपास उनकी फिटनेस जांच होगी। हालांकि, उनके डार्विन में होने वाले शुरुआती टेस्ट के लिए फिट होने की उम्मीद कम है, लेकिन अगर उन्हें मेडिकल क्लीयरेंस मिल जाता है तो यह तेज गेंदबाज दूसरा टेस्ट खेल सकता है।
बांग्लादेश के विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन दास भी इंजरी का शिकार हैं। वे बाईं पिंडली की चोट से उबर रहे हैं। लिटन 28 जुलाई से रनिंग और कंडीशनिंग ड्रिल शुरू करेंगे। 13 अगस्त के आसपास उनकी फिटनेस जांच होगी। अगर उनकी रिकवरी सही रहती है, तो वह दूसरे टेस्ट में चयन के लिए उपलब्ध हो सकते हैं।
बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट 12 अगस्त और दूसरा टेस्ट 22 अगस्त से शुरू होगा।
--आईएएनएस
पीएके